बिसवां,सीतापुर(उत्तर प्रदेश):जनपद में अपराधों की रोकथाम और अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बिसवां पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन के साथ एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था और सामान बेचने की फिराक में था।
मुखबिर की सूचना पर बिछाया जाल
पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देशन में बिसवां पुलिस टीम गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति चोरी की मोटरसाइकिल लेकर बेलझरिया से बिसवां बड़ा चौराहा की ओर आ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने सिधौली रेलवे क्रॉसिंग के पास घेराबंदी की और निर्माणाधीन ओवर ब्रिज के नीचे संदिग्ध को रोककर पकड़ लिया।
दो माह पूर्व महमूदाबाद से की थी चोरी
पूछताछ में आरोपी की पहचान रफाकत पुत्र मुन्ना खां, निवासी ग्राम बखरिया थाना मानपुर के रूप में हुई है। आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसने करीब दो माह पूर्व महमूदाबाद रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास पेड़ के नीचे सो रहे एक व्यक्ति की बाइक, हेलमेट और मोबाइल उड़ा दिया था। घटना के बाद वह फरार होकर लखनऊ चला गया था और आज चोरी का माल बेचने के लिए वापस लौटा था।
बरामदगी और कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी के पास से हीरो स्पलेंडर प्लस मोटरसाइकिल पंजीकरण संख्या- UP 32 RP 8269 और एक रेडमी 5G मोबाइल फोन बरामद किया है। इस संबंध में थाना बिसवां में पूर्व में ही मु०अ०सं०- 169/2026, धारा- 303(2) BNS के तहत मामला दर्ज था, जिसमें अब धारा 317(2) BNS की भी वृद्धि की गई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया है। इस कार्रवाई में उ०नि० सुधाकर सिंह, उ०नि० वकील खां, हे०का० अमरेन्द्र कुमार द्विवेदी, का० आकाश कुमार और का० विवेक यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
0 टिप्पणियाँ