सीतापुर(उत्तर प्रदेश):सड़क हादसों में होने वाली मौतों और यातायात अव्यवस्थाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनपद स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की गहन समीक्षा की और संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए 'ब्लैक स्पॉट' पर विशेष ध्यान
जिलाधिकारी ने जिले में चिह्नित किए गए दुर्घटना संभावित स्थलों ब्लैक स्पॉट पर त्वरित सुधारात्मक कार्य पूरा करने के आदेश जारी किए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि संबंधित विभाग इन स्थानों पर आवश्यक सड़क संकेतक, स्पीड ब्रेकर, रिफ्लेक्टर और चेतावनी बोर्ड लगाने का कार्य प्राथमिकता पर पूर्ण करें ताकि दुर्घटनाओं को नियंत्रित किया जा सके।
मददगारों को मिलेगा प्रोत्साहन, 'राहगीर योजना' का होगा प्रचार
बैठक में 'राहगीर योजना' की समीक्षा करते हुए डीएम ने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायलों की जान बचाने वाले मददगार नागरिकों को योजना के अंतर्गत सरकार द्वारा प्रोत्साहित किया जाएगा। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को इस योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए, ताकि आम जनता को इस नेक कार्य के प्रति जागरूक किया जा सके।
आपसी तालमेल से सड़कों को सुरक्षित बनाने का संकल्प
डीएम ने बैठक में मौजूद लोक निर्माण विभाग और अन्य संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों में तेजी लाएं और आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने जोर दिया कि यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए और व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त रखा जाए।
0 टिप्पणियाँ