सीतापुर(उत्तर प्रदेश): परिवहन विभाग ने यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाकर फर्राटा भरने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया। एआरटीओ (प्रशासन/प्रवर्तन) सर्वेश चतुर्वेदी के नेतृत्व में चलाए गए विशेष जांच अभियान में परमिट शर्तों का उल्लंघन करने वाली बसों और ओवरलोड वाहनों पर नकेल कसी गई। इस कार्रवाई से अवैध परिवहन करने वालों में हड़कंप मचा रहा।
परमिट शर्तों का उल्लंघन पड़ा भारी
जांच के दौरान टीम ने परमिट की शर्तों के विपरीत संचालित हो रही तीन डग्गामार बसों को मौके पर ही सीज कर दिया। वहीं, तालगांव थाना क्षेत्र में लकड़ी की अवैध ढुलाई में लिप्त तीन ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को भी पकड़ा गया। टीम ने इन सभी वाहनों को सीज कर थाने के सुपुर्द कर दिया है।
दुर्घटनाओं को रोकने के लिए निरंतर अभियान
एआरटीओ सर्वेश चतुर्वेदी ने कहा कि सड़क हादसों का मुख्य कारण ओवरलोडिंग और यातायात नियमों का पालन न करना है। सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विभाग प्रतिबद्ध है। उन्होंने साफ लहजे में कहा कि जो वाहन चालक नियमों को ताक पर रखकर वाहन चलाएंगे, उनके खिलाफ भविष्य में भी यह कार्रवाई और तेज की जाएगी।
3.50 लाख के राजस्व का अनुमान
इस विशेष जांच अभियान में परिवहन विभाग के प्रवर्तन दस्ते के आरक्षी भी मुस्तैद दिखे। विभाग द्वारा की गई इस कार्रवाई से शासन को 3 लाख 50 हजार रुपये से अधिक का राजस्व मिलने की उम्मीद है।
0 टिप्पणियाँ