सीतापुर(उत्तर प्रदेश):जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना मछरेहटा और एसओजी की संयुक्त टीम ने सक्रिय होकर पांच शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से चोरी की भारी नगदी, सोने-चाँदी के जेवरात, अवैध असलहे व घटना में प्रयुक्त कार बरामद की है।
घेराबंदी कर दबोचे पांच शातिर
पुलिस अधीक्षक सीतापुर श्री अंकुर अग्रवाल के कुशल निर्देशन में वांछित अभियुक्तों की धरपकड़ जारी है। इसी क्रम में, शुक्रवार 26 जून 2026 तड़के करीब 01:25 बजे ग्राम परसदा-शुक्लापुर रोड पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की। इस दौरान एक सफेद कार UP32GN5220 में सवार पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए शातिर अभियुक्तों की पहचान सुनील, लालता, बनवारी, बल्लू और गुड्डू उर्फ खत्रीय के रूप में हुई है, जो सीतापुर के विभिन्न थाना क्षेत्रों के निवासी हैं।
चोरी के माल का शत-प्रतिशत खुलासा
पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि 10/11 जून की रात उन्होंने ग्राम भिठौरा में एक घर का ताला तोड़कर बड़ी वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी हुए सभी जेवरात, बर्तन और भारी नगदी बरामद कर ली है। इसके अलावा, दो अवैध तमंचे, कारतूस और ताला तोड़ने वाले उपकरण सब्बल, राड, हथौड़ी भी जब्त किए गए हैं। अभियुक्तों द्वारा प्रयुक्त कार को भी धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया गया है।
कई वारदातों का हुआ अनावरण
गिरफ्तारी के बाद अभियुक्तों ने अपनी अन्य आपराधिक गतिविधियों का भी पर्दाफाश किया। लालता और बनवारी ने दो माह पूर्व थाना हरगाँव क्षेत्र में एक जनरल स्टोर का शटर तोड़कर चोरी करने की बात कबूल की है। इन अभियुक्तों का लंबा आपराधिक इतिहास है, जिसमें डकैती, लूट और गैंगस्टर एक्ट जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस ने सभी अभियुक्तों को हिरासत में लेकर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया है। गिरफ्तारी के दौरान सर्वोच्च न्यायालय और मानवाधिकार आयोग के निर्देशों का पालन करते हुए पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई गई है।
0 टिप्पणियाँ