#सीतापुर:बस दुर्घटना मामले की मजिस्ट्रेट जांच शुरू, 30 जून तक साक्ष्य आमंत्रित.

सीतापुर(उत्तर प्रदेश):रोवोली गार्डन हुसैनगंज के पास निगम की बस से हुई दुर्घटना के मामले में उप जिला मजिस्ट्रेट सदर ने मजिस्ट्रेट जांच शुरू कर दी है। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी के पास इस घटना से जुड़ी कोई जानकारी या साक्ष्य है, तो वह कार्यालय में उपस्थित होकर दर्ज करा सकता है।
अज्ञात राहगीर की हुई थी मौत
जिला मजिस्ट्रेट के निर्देश पर उप जिला मजिस्ट्रेट सदर को इस मामले का जांच अधिकारी नामित किया गया है। यह दुर्घटना बीते 18 फरवरी 2026 को दोपहर करीब 12:00 बजे हुई थी, जिसमें हरदोई क्षेत्र के गोला डिपो की निगम बस यू०पी० 78 एल0एन0-4562 की चपेट में आने से एक अज्ञात राहगीर की मृत्यु/घायल होने का मामला सामने आया था। उत्तर प्रदेश मोटरयान कराधान नियमावली 1998 के प्रावधानों के तहत अब इस पूरे प्रकरण की गहनता से मजिस्ट्रियल जांच की जा रही है।
 कार्यदिवस में दर्ज कराएं बयान
एसडीएम सदर ने सर्वसाधारण को सूचित किया है कि इस घटना के संबंध में जिस किसी भी व्यक्ति को कोई जानकारी, प्रत्यक्षदर्शी साक्ष्य या अन्य विवरण देना हो, वह निर्धारित अवधि में आकर अपनी बात रख सकता है। इसके लिए पीड़ित पक्ष या गवाहों को पूरी स्वतंत्रता दी गई है।
30 जून तक का समय
प्रशासन द्वारा साक्ष्य और बयान दर्ज कराने के लिए 15 जून 2026 से 30 जून 2026 तक का समय तय किया गया है। इच्छुक व्यक्ति किसी भी कार्यदिवस में सुबह 10:00 बजे से शाम 05:00 बजे के बीच उप जिला मजिस्ट्रेट सदर के कार्यालय या न्यायालय में उपस्थित होकर लिखित अथवा मौखिक रूप से अपने साक्ष्य प्रस्तुत कर सकते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ