सीतापुर(संवाददाता): जिलाधिकारी डॉ० राजागणपति आर० की अध्यक्षता में बीते दिवस विकास भवन सभागार में जनपद स्तरीय स्थायी/अस्थायी गोवंश आश्रय स्थल अनुश्रवण, मूल्यांकन एवं समीक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के समस्त गोवंश आश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं, गोवंश संरक्षण, चारा-पानी की उपलब्धता, चिकित्सा सुविधाओं तथा आश्रय स्थलों के समुचित संचालन की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शासन की मंशानुसार सभी व्यवस्थाएं गुणवत्ता के साथ संचालित की जाएं और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
नियमित हो स्वास्थ्य परीक्षण
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी गोवंश आश्रय स्थलों पर निराश्रित गोवंशों के लिए पर्याप्त मात्रा में हरा चारा, भूसा एवं स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि गोवंशों के स्वास्थ्य परीक्षण हेतु नियमित रूप से पशु चिकित्सा टीमों द्वारा निरीक्षण किया जाए तथा बीमार एवं कमजोर गोवंशों का समयबद्ध उपचार कराया जाए।
बाढ़ से पहले टीकाकरण
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से निर्देशित किया कि आगामी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सभी गौवंशों का टीकाकरण समय से सुनिश्चित किया जाये। इसके साथ ही बाढ़ की विभीषिका से पहले ही गौवंशों को चिन्हित कर सुरक्षित स्थानों पर संरक्षित कर लिया जाए ताकि उन्हें किसी भी प्रकार की समस्या से बचाया जा सके।
लापरवाही पर होगी कार्रवाई
बरसात के मौसम को दृष्टिगत रखते हुए आश्रय स्थलों में जलभराव रोकने तथा गोवंशों के लिए सुरक्षित एवं स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि गोवंशों के भरण-पोषण हेतु उपलब्ध कराई जा रही धनराशि, भुगतान की स्थिति तथा सभी अभिलेख अपडेट रखे जाएं। किसी भी प्रकार की शिथिलता या वित्तीय अनियमितता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डा. दीक्षा जोशी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, जिला विकास अधिकारी, समस्त खण्ड विकास अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ