# सीतापुर में भीषण सड़क हादसा: खंभे से टकराकर कार में लगी आग, एक की मौत, दो गंभीर.

सीतापुर,खैराबाद(उत्तर प्रदेश):खैराबाद थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव के पास बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। तेज रफ्तार कार सड़क पर अचानक आई गाय को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर 11 हजार वोल्ट के बिजली के खंभे से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें अचानक आग लग गई। हादसे में एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं। ग्रामीणों की सक्रियता से कार में फंसे लोगों को समय रहते बाहर निकाला गया।
बेकाबू होकर खंभे से टकराई कार
यह दर्दनाक हादसा रात करीब 1:30 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की रफ्तार काफी तेज थी। तभी अचानक सामने एक गाय आ गई। गाय को बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और कार सीधे हाईवोल्टेज बिजली के खंभे से जा भिड़ी। टक्कर लगते ही कार में जोरदार धमाका हुआ और वह धू-धू कर जलने लगी।
तिलक समारोह से लौट रहे थे युवक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसे का शिकार हुए युवक शादी से जुड़े एक तिलक समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। घायलों में से एक युवक रंजीत का ही तिलक समारोह चल रहा था, जिसके बाद सभी वापस आ रहे थे। इस हादसे के बाद शादी वाले घर की खुशियां मातम में बदल गईं। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
 एक की हालत नाजुक, दमकल ने पाया आग पर काबू
घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने बहादुरी दिखाते हुए कार में फंसे घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कार में लगी भीषण आग पर काबू पाया। पुलिस ने घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां से घायल रविन्द्र की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया है। प्रशासन ने मामले की जांच और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ