#हाईवे पर पलटा सीएनजी ट्रक, पुलिस और दमकल विभाग की तत्परता ने टाला बड़ा संकट.

सीतापुर(उत्तर प्रदेश):महोली कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत नेशनल हाईवे-30 पर रविवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सीएनजी गैस से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। वाहन के पलटते ही गैस रिसाव की आशंका से वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला और संभावित खतरे को टाला।
चालक की सतर्कता से टला बड़ा खतरा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक चालक का संतुलन बिगड़ने से यह हादसा हुआ। हालांकि, ट्रक के पलटते ही ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत वाहन से बाहर निकलकर स्थानीय लोगों को सतर्क किया। समय रहते दी गई चेतावनी के कारण मौके पर भीड़ जमा नहीं हो पाई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई
सूचना मिलते ही महोली पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम आनन-फानन में घटनास्थल पर पहुंची। एहतियात के तौर पर दमकल कर्मियों ने सावधानी बरतते हुए ट्रक पर पानी का छिड़काव किया ताकि गैस रिसाव की स्थिति में किसी प्रकार की चिंगारी न पैदा हो। टीम ने घंटों की मशक्कत के बाद स्थिति को पूरी तरह सामान्य किया।
यातायात रहा प्रभावित, जांच में जुटी पुलिस
हादसे के बाद हाईवे पर काफी देर तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रक को सुरक्षित हटवाया, जिसके बाद आवागमन बहाल हो सका। महोली कोतवाली पुलिस का कहना है कि ट्रक के पलटने के कारणों की जांच की जा रही है। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ