#सीतापुर में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक सवार दो युवकों को रौंदा, मौत.

सीतापुर(उत्तर प्रदेश): लहरपुर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार सुबह हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि बोलेरो में सवार दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया।

सामने से आई बोलेरो ने मारी जोरदार टक्कर

जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के सूरजकुंड के पास अहिरनपुरवा निवासी अंकुल (24) और काशीराम (36) एक ही मोटरसाइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रही बोलेरो ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, वहीं बोलेरो में सवार सुखमन (21) और गुरसिमरन (17) भी चोटिल हो गए।

इलाज के दौरान तोड़ा दम
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने अंकुल और काशीराम को मृत घोषित कर दिया। वहीं, बोलेरो सवार घायलों का इलाज जारी है, जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

चालक की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद बोलेरो चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। प्रभारी निरीक्षक अरविंद सिंह ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और फरार चालक को जल्द गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ