सीतापुर (उत्तर प्रदेश)। उत्तर प्रदेश के अतिसंवेदनशील जिलों में शुमार सीतापुर में बाढ़ जैसी विभीषिका से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। किसी भी संभावित आपदा के दौरान कम से कम समय में राहत और बचाव कार्य शुरू करने के उद्देश्य से गुरुवार 11 जून को जिले के पांच प्रमुख स्थानों पर राज्य स्तरीय वृहद मॉक एक्सरसाइज का आयोजन किया जाएगा। सुबह ठीक 9:00 बजे से शुरू होने वाले इस महाअभियान में जिला प्रशासन सहित एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें अपनी तैयारियों को परखेंगी।
44 जिलों में सीतापुर शामिल
जिलाधिकारी डाॅ. राजागणपति आर. ने बताया कि प्रदेश के बाढ़ के प्रति अतिसंवेदनशील श्रेणी के कुल 44 जनपदों में इस मॉक एक्सरसाइज का आयोजन प्रत्यक्ष रूप से कराया जा रहा है। अतिसंवेदनशील होने के कारण सीतापुर में इस बार तैयारियां बेहद पुख्ता की गई हैं ताकि आपात स्थिति में बिना समय गंवाए जान-माल की रक्षा की जा सके।
इन 5 चिन्हित स्थानों पर सजीव रिहर्सल
डीएम के मुताबिक, जनपद की तीन प्रमुख तहसीलों के अंतर्गत आने वाले पांच स्थानों को मॉक ड्रिल के लिए चुना गया है। इसमें तहसील बिसवां का चहलारी घाट पुल व रेउसा, तहसील लहरपुर का ग्राम लखनीपुर एवं तहसील महमूदाबाद के ग्राम फतेहपुरवा मजरा अटौरा व ग्राम अखरी शामिल हैं। इन सभी जगहों पर तय समय पर राहत और बचाव कार्य का सजीव रिहर्सल किया जाएगा।
मैदान में उतरेगा विभागों का 'महा-अमला'
इस मॉक एक्सरसाइज में जमीन पर सजीव रेस्क्यू ऑपरेशन का प्रदर्शन करने के लिए जिले की इंसीडेंट रिस्पॉन्स टीम को सक्रिय कर दिया गया है। अभियान में आपदा मोचन बल, पुलिस, पीआरडी, अग्निशमन, स्वास्थ्य, राजस्व, होमगार्ड, एनसीसी और आपदा मित्र सहित कुल 20 से अधिक विभागों के अधिकारी और वालंटियर्स मैदान में उतरेंगे।
0 टिप्पणियाँ