#सीतापुर:पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, 8 केंद्रों पर होगी परीक्षा.

सीतापुर(उत्तर प्रदेश): जनपद में आगामी 8, 9 एवं 10 जून 2026 को उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा का  आयोजन होने जा रहा है। परीक्षा को लेकर प्रशासनिक अमला पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। डीएम डॉ. राजागणपति आर. ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में स्पष्ट किया कि परीक्षा की शुचिता, निष्पक्षता और गोपनीयता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। जनपद में परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए कुल 8 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां प्रतिदिन दो पालियों में परीक्षा आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली अपराह्न 3 बजे से शाम 5 बजे तक संपन्न होगी।
 केंद्रों पर पैनी नजर और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
परीक्षा की गोपनीयता बनाए रखने के लिए सभी 8 केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल, मजिस्ट्रेट और सीसीटीवी कैमरों के जरिए कड़ी निगरानी सुनिश्चित की गई है। डीएम ने कड़े निर्देश दिए हैं कि परीक्षा केंद्रों के आसपास स्थित फोटोकॉपी की दुकानों, साइबर कैफे और प्रिंटिंग प्रतिष्ठानों पर विशेष नजर रखी जाए। निर्धारित परिधि के भीतर आने वाली सभी फोटोकॉपी की दुकानें परीक्षा अवधि के दौरान पूर्णतः बंद रहेंगी। अधिकारियों को असामाजिक तत्वों और अफवाह फैलाने वालों से सख्ती से निपटने के निर्देश दिए गए हैं।
 अभ्यर्थियों के ठहरने व मूलभूत सुविधाओं की पुख्ता व्यवस्था
बाहरी जनपदों से आने वाले अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए जिला प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं। डीएम ने निर्देश दिए हैं कि शहर की धर्मशालाओं, छात्रावासों और सामुदायिक भवनों को आवश्यकतानुसार अभ्यर्थियों के ठहरने के लिए आरक्षित और व्यवस्थित किया जाए। इसके साथ ही सभी परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, साफ-सुथरे शौचालय, निर्बाध विद्युत आपूर्ति और अन्य आवश्यक सुविधाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विभागों को पाबंद किया गया है।
स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, एम्बुलेंस और चिकित्सा व्यवस्था तैयार
आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग को भी अलर्ट पर रखा गया है। परीक्षा केंद्रों के समीप प्राथमिक चिकित्सा किट और एम्बुलेंस की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में उपस्थित एडीएम आयुष चौधरी, जिला विद्यालय निरीक्षक , संबंधित एसडीएम, परीक्षा केंद्र व्यवस्थापक और विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ पूरी मुस्तैदी से अपनी जिम्मेदारी निभाने को कहा गया है ताकि पूरी परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ