सीतापुर(उत्तर प्रदेश): जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अटरिया थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में पाक्सो एक्ट और बीएनएस की गंभीर धाराओं में वांछित एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है। आत्मरक्षार्थ पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश घायल हो गया है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
भागने की कोशिश में की फायरिंग
पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देश पर अपराध और अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में अटरिया पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ग्राम बंदरिया बाजार से मिशनी जाने वाले रास्ते पर अकबरपुर मोड़ के पास संदिग्ध घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही वांछित अभियुक्त सतीश उर्फ छोटू ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायर कर दिया और भागने का प्रयास किया।
आत्मरक्षा में पुलिस ने चलाई गोली
बदमाश द्वारा की गई फायरिंग के जवाब में पुलिस टीम ने भी आत्मरक्षार्थ व गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से फायर किया। पुलिस की गोली लगने से अभियुक्त सतीश घायल होकर वहीं गिर पड़ा। पुलिस टीम ने उसे तुरंत हिरासत में ले लिया और उपचार के लिए नजदीकी चिकित्सालय भिजवाया।
अवैध असलहा और नकदी बरामद
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान सतीश उर्फ छोटू, निवासी ग्राम रमपुरवा मजरा नीलगांव, थाना अटरिया के रूप में हुई है। वह थाना अटरिया पर पंजीकृत मुकदमा अपराध संख्या 125/26, धारा 65(1) बीएनएस व 3/4(2) पाक्सो एक्ट में वांछित चल रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और 300 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस टीम
इस सफल ऑपरेशन में थानाध्यक्ष लाल बहादुर मिश्रा, उपनिरीक्षक सतेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक राममोहन सिंह, कांस्टेबल विक्रम, कांस्टेबल सौरव और कांस्टेबल सोनू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
0 टिप्पणियाँ