# सीतापुर: आरसेटी में आत्मनिर्भरता का संकल्प लेकर निकले प्रशिक्षु, मिला हुनर का प्रमाण-पत्र

सीतापुर(उत्तर प्रदेश):इंडियन बैंक द्वारा संचालित ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान  में हुनर को नई उड़ान मिली। यहां चल रहे 20 दिवसीय 'पापड़, पिकल एवं मसाला पाउडर निर्माण' प्रशिक्षण कार्यक्रम का बुधवार को सफलतापूर्वक समापन हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद इंडियन बैंक के अंचल प्रमुख रणवीर सिंह गोला ने प्रशिक्षुओं को प्रमाण-पत्र सौंपकर उन्हें स्वावलंबन की राह पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
हुनर को दें व्यवसाय का रूप
अंचल प्रमुख रणवीर सिंह गोला ने प्रशिक्षुओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आज के दौर में कौशल ही सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना की जानकारी देते हुए बताया कि लाभार्थी इस व्यवसाय को शुरू करने के लिए 5 लाख रुपये तक का ऋण प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि यहां सीखा गया कौशल न केवल उन्हें आत्मनिर्भर बनाएगा, बल्कि वे भविष्य में अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर सृजित करेंगे।
 प्रदर्शनी में दिखी प्रतिभा
समापन समारोह के दौरान प्रशिक्षणार्थियों ने अपने द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई, जिसकी अतिथियों ने मुक्त कंठ से प्रशंसा की। कार्यक्रम में कई प्रशिक्षुओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि कैसे 20 दिनों के इस प्रशिक्षण ने उनके आत्मविश्वास को नई ऊंचाइयां दी हैं।
 आरसेटी की भूमिका रही अहम
कार्यक्रम के अंत में आरसेटी के निदेशक अंकुश वर्मा ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संस्थान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण युवाओं को स्वरोजगार के लिए सक्षम बनाना है। इस अवसर पर अग्रणी जिला प्रबंधक मनोज कुमार और बैंक अधिकारी अर्पित गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ