सीतापुर(उत्तर प्रदेश): जनपद के तंबौर इलाके में सोमवार शाम को पूर्व सांसद राजेश वर्मा के घर के सामने असलहा लहराकर दहशत फैलाने वाले शातिर को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के दौरान बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया।
क्या था पूरा मामला?
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी शादाब पुत्र जाफर निवासी शेखन टोला, तंबौर पुरानी जमीनी रंजिश के चलते पूर्व सांसद की हत्या की नीयत से उनके घर पहुंचा था। वह अपने साथ तमंचा, कारतूस और चाकू लेकर आया था। हालांकि, घटना के समय पुलिस ने उसे देख लिया था, लेकिन वह चकमा देकर फरार होने में सफल रहा।
मुठभेड़ के बाद हुई गिरफ्तारी
फरार होने के बाद से ही पुलिस टीम उसकी तलाश में जुटी थी। आज सघन चेकिंग के दौरान पुलिस को ज्ञानेंद्र भट्टे के पास आम के बाग में उसकी लोकेशन मिली। पुलिस ने घेराबंदी की तो बदमाश ने टीम को देखते ही जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ दो राउंड फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी फायर किया, जिसमें एक गोली शादाब के पैर में लगी और वह वहीं गिर पड़ा। पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा है।
बरामदगी और कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 01 तमंचा, 02 खोखा कारतूस, 02 जिंदा कारतूस और एक चाकू बरामद किया है। मामले में पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देशों पर थाना तंबौर पुलिस ने विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
0 टिप्पणियाँ