#सीतापुर:मुठभेड़ में दबोचा गया गर्भवती प्रेमिका का हत्यारा, शौच के बहाने पुलिस पर दागी थी गोली

सीतापुर(उत्तर प्रदेश):जनपद के थाना संदना क्षेत्र में शनिवार को पुलिस और एक शातिर हत्यारोपी के बीच दुस्साहसिक मुठभेड़ हो गई। अपनी तीन माह की गर्भवती प्रेमिका की बेरहमी से गला दबाकर हत्या करने वाले नामजद अभियुक्त विशाल पाल ने साक्ष्य संकलन के दौरान पुलिस टीम को चकमा देकर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। पुलिस की आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे पुलिस ने वारदात के महज़ दो घंटे के भीतर गिरफ्तार कर अस्पताल पहुँचाया है।
शौच के बहाने पुलिस पर दागी गोली
क्षेत्राधिकारी मिश्रिख के कुशल पर्यवेक्षण में संदना पुलिस टीम शनिवार को मु0अ0सं0 136/26 धारा 87 बीएनएस के नामजद आरोपी विशाल पाल पुत्र भन्नू पाल निवासी ग्राम सरैंया को हिरासत में लेकर साक्ष्य संकलन के लिए जा रही थी। इसी बीच ग्राम रामपुर मढ़िया के पास रोड किनारे लिप्टिस के बाग के पास आरोपी ने शौच का बहाना बनाया। पुलिस टीम को गफ़लत में डाल उसने अचानक तमंचे से फायर झोंक दिया और भागने लगा। पुलिस टीम ने त्वरित सूझबूझ दिखाते हुए आत्मरक्षार्थ नियंत्रित फायरिंग की, जिसमें गोली लगने से आरोपी घायल होकर गिर पड़ा।
शादी के विवाद में खौफनाक हत्याकांड
पुलिस की कड़ी पूछताछ में आरोपी विशाल ने अपना जुर्म कबूल करते हुए दिल दहला देने वाला खुलासा किया। विशाल का मानसी से प्रेम-प्रसंग था, जिससे वह तीन माह की गर्भवती हो गई थी। बीती 25 मई को वह मानसी को सिधौली से मोटरसाइकिल पर बैठाकर लखनऊ के बीकेटी क्षेत्र अंतर्गत किसान पथ रोड के पास एक सुनसान जगह ले गया। वहाँ मानसी द्वारा शादी करने का दबाव बनाने पर दोनों में विवाद हुआ, जिससे आवेश में आकर विशाल ने उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। साक्ष्य छुपाने के लिए उसने शव के गले पर सीमेंट का पिलर रख दिया था।
महज़ दो घंटे में विधिक कार्रवाई
सनसनीखेज हत्याकांड को अंजाम देकर आरोपी अपने घर लौट आया था ताकि किसी को शक न हो। शनिवार को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना के महज़ 2 घंटे के भीतर ही आरोपी को मुठभेड़ के बाद दबोच लिया। संदना पुलिस के अनुसार, घायल अभियुक्त को उपचार हेतु नजदीकी चिकित्सालय भेजा गया है, जहाँ उसकी स्थिति सामान्य है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की सख्त विधिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ