#सीतापुर:खैराबाद में गूंजा सेवा और सुशासन का संकल्प; प्रख्यात चिकित्सक डॉ. राजकिशोर और डॉ. रेखा गोयल सम्मानित.

सीतापुर,(उत्तर प्रदेश):केन्द्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 12 वर्ष तथा उत्तर प्रदेश सरकार के 09 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सोमवार को खैराबाद स्थित भूभिजा हॉल में चिकित्सकों, स्वास्थ्य कर्मियों एवं आशा कार्यकर्त्रियों के सम्मान तथा संवाद कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों एवं स्वास्थ्य सेवाओं में हुए ऐतिहासिक सुधारों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और चिकित्सा जगत से जुड़ी हस्तियों ने भारी संख्या में सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्जवलित कर किया गया। इसके उपरांत स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों पर आधारित एक भव्य प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया। इस प्रदर्शनी में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रम, मिशन इंद्रधनुष, राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम और संचारी रोग नियंत्रण अभियान जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदर्शित की गई।
वरिष्ठ चिकित्सकों व समाजसेवियों का हुआ सम्मान
इस अवसर पर जनपद के वरिष्ठ एवं प्रख्यात चिकित्सक तथा समाजसेवी डॉ. राजकिशोर टंडन एवं प्रख्यात नेत्र चिकित्सक डॉ. रेखा गोयल को स्वास्थ्य एवं सामाजिक क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त जिले में उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान करने वाले चिकित्सा अधिकारियों, स्टाफ नर्सों, एएनएम एवं आशा कार्यकर्त्रियों को प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिन्ह प्रदान कर उनका हौसला बढ़ाया गया। वक्ताओं ने कहा कि एक स्वस्थ समाज के निर्माण में इन कोरोना योद्धाओं और स्वास्थ्य कर्मियों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।
स्वास्थ्य क्षेत्र के सुदृढ़ीकरण के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत: सुरेश राही
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि व कारागार राज्यमंत्री सुरेश राही ने कहा कि देश एवं प्रदेश के विकास की आधारशिला एक स्वस्थ समाज है। कोविड-19 महामारी के दौर को याद करते हुए उन्होंने कहा कि हमारे चिकित्सकों, स्वास्थ्य कर्मियों और आशा बहुओं ने अपनी जान की परवाह किए बिना दिन-रात कार्य कर मानवता की सेवा का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया है। भारत ने अगर कोरोना जैसी वैश्विक महामारी पर विजय पाई है, तो इसके पीछे हमारे स्वास्थ्य कर्मियों का समर्पण और अथक परिश्रम है। केंद्र व राज्य सरकार ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों तक बेहतर चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है।
जनता और विभाग के बीच मजबूत सेतु हैं आशा बहुएं: नगर विकास राज्यमंत्री
मा. नगर विकास राज्यमंत्री राकेश राठौर 'गुरु' ने आशा कार्यकर्त्रियों की सराहना करते हुए कहा कि वे स्वास्थ्य विभाग और आम जनता के बीच एक मजबूत सेतु के रूप में कार्य कर रही हैं। गांव-गांव जाकर गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण, टीकाकरण, नवजात शिशुओं की देखभाल और पोषण संबंधी जागरूकता फैलाने में उनका योगदान अतुलनीय है। सरकार उनके इस समर्पण को हमेशा सम्मान की दृष्टि से देखती है।
वहीं, मिश्रिख सांसद अशोक कुमार रावत ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश की स्वास्थ्य अवसंरचना में अभूतपूर्व परिवर्तन हुए हैं। मेडिकल कॉलेजों, जिला अस्पतालों और स्वास्थ्य एवं कल्याण केंद्रों का जाल बिछाया गया है, जिससे अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को भी इलाज मिल रहा है।
अधिकारी पूरी निष्ठा और संवेदनशीलता से करें कार्य: जिलाधिकारी
विधान परिषद सदस्य पवन सिंह चौहान एवं भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए स्वास्थ्य विभाग से पूरी संवेदनशीलता के साथ जनता की सेवा करने का आह्वान किया। जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की सभी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचना चाहिए और कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जनपद में संस्थागत प्रसव, पूर्ण टीकाकरण, क्षय रोग नियंत्रण और जन आरोग्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की प्रगति रिपोर्ट पेश की। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों ने स्वास्थ्य कर्मियों के साथ सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों को सुना तथा उन्हें जल्द दूर करने का आश्वासन दिया।
इनकी रही उपस्थित
इस भव्य समारोह में मुख्य विकास अधिकारी  डॉ. दीक्षा जोशी, नगर पालिका परिषद खैराबाद के अध्यक्ष प्रतिनिधि, विभिन्न स्वास्थ्य इकाइयों के प्रभारी अधिकारी, चिकित्सक, स्टाफ नर्स, एएनएम, भारी संख्या में आशा कार्यकर्त्रियां तथा जनपद के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ