# सीतापुर:बाइक चोरी के मामले में तीन शातिर चोर गिरफ्तार, पांच मोटरसाइकिलें बरामद.

महमूदाबाद (सीतापुर): कस्बे और आसपास के इलाकों में लगातार हो रही बाइक चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाते हुए पुलिस ने एक अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के तीन शातिर सदस्यों को धर-दबोचा है और उनके कब्जे से चोरी की पांच मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों पर पहले से ही विभिन्न थानों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने विधिक कार्रवाई करते हुए तीनों बदमाशों को जेल भेज दिया है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
सीओ वेद प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि क्षेत्र में बढ़ती वाहन चोरी की घटनाओं को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक भानु प्रताप सिंह के नेतृत्व में कई पुलिस टीमें गठित की गई थीं। रविवार सुबह करीब पौने चार बजे कोतवाली के एसआई विनोद गिरि और उनकी टीम को मुखबिर से सटीक सूचना मिली। पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बाबाकुटी के पास बनी पुलिया पर छापेमारी की। वहां पुलिया के पास पांच बाइकों के साथ तीन युवक संदिग्ध अवस्था में खड़े दिखाई दिए। पुलिस को देखकर आरोपियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद पुलिस बल ने घेराबंदी कर तीनों को दौड़ाकर दबोच लिया।
शातिर चोरों की हुई पहचान
पुलिस पूछताछ में पकड़े गए अभियुक्तों ने अपने नाम और पते कबूल किए हैं। आरोपियों की पहचान सलमान निवासी जलालपुर हालपता हरैया, सदरपुर, पंकज कुमार निवासी हरैया, सदरपुर और छोटू उर्फ राजकुमार यादव निवासी सेल्हवा, थानगांव के रूप में हुई है। जामा तलाशी और कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी बरामद बाइकों के संबंध में कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सके, जिसके बाद पुलिस ने पांचों बाइकों को जब्त कर लिया।
आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, पकड़े गए तीनों आरोपी बेहद शातिर किस्म के अपराधी हैं और उन पर पहले से कई केस दर्ज हैं। आरोपी इस्लाम पर लखनऊ के ठाकुरगंज, बाराबंकी के फतेहपुर और महमूदाबाद में कुल 5 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं छोटू उर्फ राजकुमार पर बाराबंकी, थानगांव और महमूदाबाद में कुल 5 मामले दर्ज हैं। गिरोह के तीसरे सदस्य पंकज कुमार पर बाराबंकी के फतेहपुर, सदरपुर और महमूदाबाद में कुल 7 मुकदमे दर्ज हैं। प्रभारी निरीक्षक भानु प्रताप सिंह ने बताया कि फिलहाल आरोपियों को जेल भेजा जा रहा है और गिरोह के अन्य नेटवर्क व चोरी की अन्य बाइकों की बरामदगी के लिए प्रयास जारी हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ