# सीतापुर:डिजिटल क्रांति: आज से मोबाइल ऐप से बुक होगी खाद, बिना टोकन खाली हाथ लौटेंगे किसान.

सीतापुर (उत्तर प्रदेश): किसानों को अब यूरिया, डीएपी और एनपीके खाद के लिए न तो समितियों के चक्कर काटने पड़ेंगे और न ही दुकानों पर लंबी लाइन लगानी होगी। शासन की नई व्यवस्था के तहत आज यानी 15 जून से मोबाइल ऐप के जरिए खाद की एडवांस बुकिंग अनिवार्य कर दी गई है। किसान अब 'फ्रेमवर्क फॉर फर्टिलाइजर सेल' एंड्रॉइड ऐप के माध्यम से ही खाद की खरीदारी कर सकेंगे। जिला कृषि अधिकारी संजीव कुमार सिंह ने दोटूक कहा है कि बिना एडवांस बुकिंग के किसी भी किसान को खाद की डिलीवरी नहीं दी जाएगी। इस पारदर्शी व्यवस्था से असली किसानों को समय पर खाद मिलेगी और कालाबाजारी पर पूरी तरह से नकेल
कसी जा सकेगी। 
तीन चरणों में घर बैठे होगी बुकिंग
किसानों को अपने स्मार्टफोन के प्ले स्टोर से 'Framework for Fertilizer Sale' ऐप डाउनलोड करना होगा, जिसकी बुकिंग प्रक्रिया बेहद आसान है। पहले चरण में किसान को ऐप पर अपनी भूमि और बोई गई फसल का सटीक विवरण दर्ज करना होगा। दूसरे चरण में खाद की आवश्यक मात्रा का चयन करना होगा, जिससे स्क्रीन पर क्षेत्र के स्टॉक वाले दुकानदारों के नाम आ जाएंगे। इसके बाद तीसरे चरण में नजदीकी विक्रेता का चयन करते ही ऐप पर एक क्यूआर कोड और डिजिटल टोकन जनरेट होगा, जिसे दिखाकर दुकान से खाद मिलेगी।
बिना आईडी वाले व बटाईदारों को भी राहत
 इस व्यवस्था में छोटे और बटाईदार किसानों का भी पूरा ख्याल रखा गया है। जिन किसानों के पास फॉर्मर आईडी नहीं है या जो बटाई पर खेती करते हैं, वे अपनी भूमि का विवरण देकर सीधे ऐप पर आवेदन कर सकेंगे। इसके अलावा यदि किसान खुद दुकान पर जाने में असमर्थ है, तो वह आधार नंबर या ओटीपी के जरिए परिवार के किसी भी सदस्य को दुकान से खाद लाने के लिए अधिकृत कर सकता है। जिससे अब किसी भी वास्तविक किसान को परेशान नहीं होना पड़ेगा।
दिक्कत होने पर हेल्प डेस्क पर करें फोन
यदि किसी किसान को ऐप डाउनलोड करने, तकनीकी खराबी या खाद मिलने में कोई परेशानी आती है, तो कृषि विभाग ने तुरंत समाधान के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। किसान विभाग के हेल्प डेस्क नंबरों 9840076844, 9840073844, 01135123854, और 7730977309 पर संपर्क कर सकते हैं। यदि हेल्प डेस्क पर समाधान न हो, तो किसान सीधे मोबाइल नंबर 8127235550 और 8127999671 पर कॉल कर उच्चाधिकारियों को अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ