#सीतापुर में सनसनी: तालाब किनारे मिला अज्ञात युवती का शव, हत्या की आशंका.

सीतापुर(उत्तर प्रदेश): जनपद के रामपुर मथुरा थाना इलाके में सोमवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब बांसुरा-गुड़ैचा मार्ग पर स्थित सरैया मसूदपुर गांव के सामने एक अज्ञात युवती का खून से लथपथ शव बरामद हुआ. तड़के सुबह शौच के लिए निकले ग्रामीणों ने जब रपटा पुल के पास तालाब किनारे क्षत-विक्षत हालत में शव देखा, तो उनके होश उड़ गए. देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई. सूचना मिलते ही रामपुर मथुरा थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की. प्रथम दृष्टया मामला गला रेतकर हत्या का प्रतीत हो रहा है.
शौच के लिए गए ग्रामीणों ने देखा शव
सोमवार तड़के सरैया मसूदपुर गांव के कुछ ग्रामीण जब खेतों की तरफ निकले, तो रपटा पुल के पास तालाब के किनारे एक युवती का शव पड़ा मिला. युवती का शव क्षत-विक्षत और खून से लथपथ हालत में था. इस खौफनाक मंजर को देखकर पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों ने तुरंत स्थानीय पुलिस को मामले की जानकारी दी.
गले पर चोट, नहीं हो सकी पहचान
 अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) दुर्गेश कुमार सिंह ने बताया कि मृतका की गर्दन पर चोट के गंभीर निशान हैं. शरीर के किसी अन्य हिस्से पर चोट का कोई निशान नहीं मिला है. पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों को बुलाकर हुलिए के आधार पर मृतका की शिनाख्त कराने का काफी प्रयास किया, लेकिन फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
खुलासे के लिए चार टीमें गठित
मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक यूनिट और वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं. एएसपी दक्षिणी दुर्गेश कुमार सिंह के अनुसार, इस हत्या के मामले का पर्दाफाश करने और आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए चार विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है. वर्तमान में मौके पर शांति व्यवस्था कायम है और पुलिस हर पहलू पर गहराई से तफ्तीश कर रही है.

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ