#सीतापुर:योग सप्ताह का भव्य शंखनाद: मंत्री राकेश राठौर 'गुरु' और डीएम ने दीप प्रज्वलित कर किया शुभारंभ.

सीतापुर(उत्तर प्रदेश): अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में सोमवार को पुलिस लाइन स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल ओपन हॉल में योग सप्ताह का भव्य आगाज हुआ। नगर विकास राज्यमंत्री राकेश राठौर 'गुरु', भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला और जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर सप्ताह भर चलने वाले इस आयोजन की शुरुआत की। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीक्षा जोशी सहित प्रशासनिक अधिकारियों व भारी संख्या में जनमानस ने सामूहिक योगाभ्यास कर निरोगी जीवन का संकल्प लिया।
स्वस्थ शरीर और मानसिक शांति का आधार
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि नगर विकास राज्यमंत्री राकेश राठौर 'गुरु' ने कहा कि योग केवल शरीर को ही नहीं, बल्कि हमारे मन को भी स्वस्थ रखता है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार के गौरवमयी 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 05 जून से 21 जून 2026 के मध्य विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिसके तहत आज योग सप्ताह की शुरुआत हुई है।
वैश्विक मंच पर मिली नई पहचान
राज्यमंत्री ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के प्रयासों से आज योग को वैश्विक स्तर पर एक नई पहचान मिली है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे नियमित रूप से योग को अपनी जीवनशैली में शामिल करें और आगामी 21 जून को आयोजित होने वाले मुख्य व भव्य योग दिवस समारोह में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें।
संस्कृति की अमूल्य धरोहर
विशिष्ट अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला ने योग को भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर बताते हुए कहा कि यह शरीर, मन और आत्मा को जोड़ने का काम करता है। उन्होंने संतुलित और निरोगी जीवन के लिए सभी से नियमित योगाभ्यास का आह्वान किया। उद्घाटन सत्र के उपरांत हॉल में मौजूद जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. सहित सभी अधिकारियों व गणमान्य नागरिकों ने योग प्रशिक्षकों की देखरेख में विभिन्न आसन और प्राणायाम सीखे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ