विधिक साक्षरता शिविर में 'सतेन्द्र कुमार अनटिल' केस के तहत दी गई जमानत नियमों की जानकारी, बैरकों की व्यवस्थाएं मिलीं दुरुस्त।
सीतापुर(उत्तर प्रदेश): मा० उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ व जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सीतापुर श्री आशीष जैन के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में शुक्रवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव आलोक यादव ने जिला कारागार सीतापुर का साप्ताहिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जेल परिसर में साफ-सफाई के कड़े प्रबंध पाए गए। सचिव ने महिला व बाल बैरक सहित जेल अस्पताल का बारीकी से मुआयना किया।
बंदियों की सेहत व भोजन की पड़ताल
निरीक्षण के दौरान सचिव ने बच्चा बैरक में निरुद्ध बंदी रुद्र तिवारी 17 वर्ष और दीनदयाल उर्फ चुन्नी 15 वर्ष से सीधी बातचीत कर उनकी उम्र और जेल प्रशासन द्वारा मिल रही सुविधाओं का फीडबैक लिया। बंदियों ने बताया कि उन्हें मीनू के अनुसार समय पर नाश्ता व भोजन मिल रहा है और खाने को लेकर कोई समस्या नहीं है। इसके बाद जेल अस्पताल में डॉक्टरों से बीमार बंदियों के स्वास्थ्य और चल रहे इलाज की जानकारी ली गई। मरीजों ने भी समय पर दवा और इलाज मिलने की पुष्टि की।
25 बंदियों को मिला रोजगार का प्रशिक्षण
कारागार में बंदियों के कौशल विकास के लिए संचालित मुहिम के तहत एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इंडियन बैंक के सहयोग से संचालित ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान सीतापुर द्वारा जेल में बंद 25 बंदियों को मशरूम उत्पादन का तकनीकी प्रशिक्षण दिया गया। कोर्स पूरा होने पर सचिव आलोक यादव और संस्थान के निदेशक अंकुश वर्मा ने बंदियों को प्रमाण पत्र बांटे। इस मौके पर प्रशिक्षक अखिलेश पांडेय, मुनीन्द्र दीक्षित व जेल अधिकारी मौजूद रहे।
लीगल एड क्लीनिक में परखे रजिस्टर
सचिव ने जेल में स्थित लीगल एड क्लीनिक का भी निरीक्षण किया। मौके पर तैनात दो पराविधिक स्वयंसेवकों के कार्य रजिस्टर जांचे गए। स्वयंसेवकों ने बताया कि बंदियों के प्रार्थना पत्रों को जेल अधीक्षक के माध्यम से नियमानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को समय से भेजा जाता है। इसके बाद आयोजित विधिक जागरूकता शिविर में बंदियों को 'श्रीमती बच्ची देवी बनाम यूपी राज्य' और 'सतेन्द्र कुमार अनटिल बनाम सीबीआई' जैसे महत्वपूर्ण अदालती फैसलों की जानकारी दी गई इस दौरान जेलर राजेश कुमार वर्मा, लीगल एड डिफेंस काउंसिल भूपेंद्र कुमार दीक्षित और विधिक सेवा प्राधिकरण के सलीम अहमद मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ