सीतापुर(उत्तर प्रदेश):सिविल लाइन मोहल्ला स्थित टाउन हॉल परिसर में दशकों से संचालित समाजवादी पार्टी के कार्यालय को सोमवार सुबह जिला प्रशासन ने जमींदोज कर दिया। जिलाधिकारी न्यायालय के स्पष्ट आदेश के बाद की गई इस बड़ी कार्रवाई से राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है।
प्रशासनिक सख्ती और तैयारियों के साथ कार्रवाई
जिला प्रशासन की ओर से की गई इस कार्रवाई के लिए सुबह से ही भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। सिटी मजिस्ट्रेट, एसडीएम और अधिशासी अधिकारी की मौजूदगी में तड़के 5 बजे ही पांच बुलडोजर मौके पर पहुंच गए। नजूल भूमि पर अवैध कब्जे के मामले में प्रशासन ने एक बार फिर अपनी सख्ती दिखाई और देखते ही देखते सपा के कार्यालय भवन को पूरी तरह ढहा दिया।
दो दिन पहले ही खाली कर दिया गया था कार्यालय
प्रशासनिक अमले के पहुंचने से पहले ही भवन के भीतर सन्नाटा पसरा हुआ था। कार्रवाई के दौरान समाजवादी पार्टी का कोई भी पदाधिकारी या कार्यकर्ता मौके पर मौजूद नहीं था। मिली जानकारी के अनुसार, प्रशासन की ओर से पूर्व में दिए गए संकेतों को भांपते हुए सपा नेताओं ने दो दिन पहले ही कार्यालय के अंदर रखा अपना सारा सामान सुरक्षित बाहर निकाल लिया था और भवन को खाली छोड़ दिया था।
नजूल भूमि का मामला
अधिकारियों का स्पष्ट कहना है कि यह कार्यालय नजूल की भूमि पर अनधिकृत रूप से बना हुआ था, जिस पर जिला प्रशासन द्वारा कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई है। फिलहाल, प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर मलबे को हटाने और भूमि को कब्जामुक्त कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
0 टिप्पणियाँ