सीतापुर(उत्तर प्रदेश): मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए बुधवार को जिले में 'स्कूल चलो अभियान' के दूसरे चरण का भव्य शुभारंभ हुआ। इस दौरान जनपद के विद्यालयों में उत्सव जैसा माहौल रहा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल ने खैराबाद के हुसैनपुर कैमहरा विद्यालय में बच्चों का तिलक लगाकर और उपहार देकर विद्यालय में स्वागत किया।
नन्हे कदम, नई उम्मीदें: बच्चों का हुआ भव्य स्वागत
अभियान के पहले दिन स्कूलों में रौनक देखते ही बन रही थी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल ने स्वयं विद्यालय पहुंचकर एक बच्चे का प्रवेश रजिस्टर में नाम दर्ज किया। नवप्रवेशी बच्चों का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया और उन्हें स्टेशनरी किट, पेंसिल व टॉफी वितरित की गई। उपहार पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे। बीएसए ने बच्चों को नियमित विद्यालय आने के लिए प्रेरित किया।
"कोई बच्चा न रहे शिक्षा से वंचित"
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिले के प्रत्येक विकास क्षेत्र में यह अभियान मिशन मोड में चलाया जाएगा। उन्होंने खंड शिक्षा अधिकारियों को हिदायत दी कि शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा, "हमारा लक्ष्य जनपद को 'निपुण जनपद' बनाना है और इसके लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। कोई भी बच्चा शिक्षा की दहलीज तक पहुँचने से वंचित नहीं रहना चाहिए।"
विद्यालय की व्यवस्थाओं की सराहना
बीएसए ने विद्यालय परिसर की साफ-सफाई और हरा-भरा वातावरण देख इंचार्ज प्रधानाध्यापिका अंकिता सिंह के कार्यों की मुक्त कंठ से सराहना की। इस दौरान हिंदी एआरपी संजीव पटैरिया ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं, विद्यालय की अनुदेशकों ज्योति व कल्पना के कार्यों की भी प्रशंसा की गई। इस अवसर पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सहित स्थानीय अभिभावक व ग्रामीण उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ