बिसवां,सीतापुर(उत्तर प्रदेश): रेउसा रोड पर भोलागंज मंदिर के पास बीते दिवस हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसे में उसकी पत्नी और बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका ट्रामा सेंटर में उपचार चल रहा है। घटना के बाद से मृतक के स्वजन में कोहराम मचा है।
जगदीशपुर हाजरिया के रहने वाले थे सरवन
थानगांव थाना क्षेत्र के ग्राम जगदीशपुर हाजरिया निवासी सरवन पुत्र वंशी बुधवार को अपनी पत्नी चम्पा और पुत्र सुमित के साथ बाइक से कहीं जा रहे थे। जैसे ही वे रेउसा रोड स्थित भोलागंज मंदिर के पास पहुंचे, तभी एक अनियंत्रित ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से लहूलुहान हो गए।
ट्रामा सेंटर में तोड़ा दम
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और आनन-फानन में तीनों घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों ने सरवन की नाजुक हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां से उसे लखनऊ ट्रामा सेंटर भेज दिया गया। स्वजनों ने बताया कि ट्रामा सेंटर में उपचार के दौरान सरवन ने दम तोड़ दिया। वहीं, चम्पा और सुमित का इलाज अभी भी जारी है।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है।
0 टिप्पणियाँ