# सीतापुर:'एक पेड़ मां के नाम' संकल्प से महका सीतापुर, रोपे गए हरिशंकरी के पौधे.

सीतापुर,(उत्तर प्रदेश): विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को नैपालापुर के निकट सैन्य भूमि में पर्यावरण संरक्षण का बड़ा संदेश दिया गया। उत्तर प्रदेश शासन के निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप सामाजिक वानिकी वन प्रभाग एवं जिला गंगा समिति के संयुक्त तत्वावधान में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन हुआ। मुख्य अतिथियों ने पीपल, पाकड़ और हरिशंकरी के पौधों का रोपण कर अभियान की शुरुआत की।
आने वाली पीढ़ियों के काम आएगा आज का वृक्षारोपण: सुरेश राही
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि एवं कारागार राज्यमंत्री सुरेश राही ने कहा कि जनपद में चलाया जा रहा वृहद वृक्षारोपण अभियान आने वाली पीढ़ियों के स्वास्थ्य और समृद्धि के लिए मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि हर वर्ष इस अभियान को गति दी जा रही है और आज लहराते हरे-भरे पौधे हमारी सफलता की गवाही दे रहे हैं। नन्हे बच्चों का इस मुहिम से जुड़ना सुखद अहसास है।
शासन की मंशा के अनुरूप हर ब्लॉक में पर्यावरण चेतना: डीएम
जिलाधिकारी डॉ राजा गणपति आर ने कहा कि पर्यावरण की रक्षा करना हम सभी का परम दायित्व है। शासन के निर्देशों के क्रम में इस वर्ष 'एक पेड़ मां के नाम'थीम पर व्यापक स्तर पर पौधे लगाए जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वृक्षारोपण का यह अभियान जिला मुख्यालय ही नहीं, बल्कि प्रत्येक तहसील और ब्लॉक स्तर पर जन-आंदोलन के रूप में चलाया जा रहा है।
एनसीसी कैडेट्स और बच्चों ने रोपे औषधीय पौधे, संरक्षण की शपथ
समारोह में एनसीसी कैडेट्स और विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। इस दौरान आम, बहेड़ा, कनकचम्पा और आंवला जैसी फलदार व औषधीय प्रजातियों के पौधे रोपे गए। उपस्थित जनों से अपील की गई कि वर्षाकाल के दौरान इस अभियान को और गति दें तथा केवल पौधा लगाने तक सीमित न रहकर उनके जीवित रहने व संरक्षण की जिम्मेदारी भी उठाएं।
इनकी रही उपस्थित:
 कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर विकास राज्यमंत्री राकेश राठौर 'गुरू', एमएलसी पवन सिंह चौहान व भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला ने सहभागिता की। कार्यक्रम को सफल बनाने में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीक्षा जोशीऔर समृद्धि फाउंडेशन की अपर्णा मिश्रा का विशेष सहयोग रहा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ