सीतापुर(उत्तर प्रदेश):जनपद में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली नगर पुलिस टीम ने शुक्रवार को बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गल्ला मंडी के पीछे घेराबंदी कर विभिन्न धाराओं में वांछित चल रहे चार शातिर अभियुक्तों को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों के पास से अवैध तमंचा, अद्दी और जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।
गल्ला मंडी के पीछे से दबोचे गए आरोपी
पुलिस अधीक्षक के आदेश और अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तर) व क्षेत्राधिकारी नगर के निर्देशन में कोतवाली नगर पुलिस क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने गल्ला मंडी के पीछे छापेमारी की। मौके से पुलिस ने हिमांशु अवस्थी उर्फ बंगाली, नीतेश मौर्या, जीतू उर्फ जग्गा और रुद्र तिवारी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान अभियुक्त हिमांशु के पास से एक अदद तमंचा 315 बोर व एक जिंदा कारतूस और नीतेश मौर्या के पास से एक अदद अद्दी 12 बोर व एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
आर्म्स एक्ट के तहत बढ़ीं धाराएं
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए चारों आरोपी पहले से ही कोतवाली नगर में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 144/26 की धारा 287/352/351(3)/324(2)/109(1) बीएनएस के तहत वांछित चल रहे थे। अब अमली जामे में अवैध शस्त्रों की बरामदगी होने के बाद इस मामले में 25(1B) आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों में से एक, हिमांशु अवस्थी का पुराना आपराधिक इतिहास भी है, जिसके खिलाफ थाना तम्बौर में पहले से मामला दर्ज है।
इस टीम को मिली सफलता
शातिर अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजने वाली इस पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अश्मित भारती के साथ मुख्य रूप से कांस्टेबल रामराज, शुभम गुर्जर, अजयवीर, सुनील कुमार और संजय गुप्ता शामिल रहे।
0 टिप्पणियाँ