# सीतापुर: पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ, डीएम ने बच्चों को पिलाई दवा.

सीतापुर(उत्तर प्रदेश):जनपद में रविवार को पल्स पोलियो अभियान का आगाज हुआ। जिला महिला चिकित्सालय में जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर ने फीता काटकर और बच्चों को दवा पिलाकर अभियान की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं को परखते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
पूरी निष्ठा से काम करें स्वास्थ्यकर्मी
अभियान के शुभारंभ के दौरान जिलाधिकारी ने स्वास्थ्यकर्मियों को पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि लक्ष्य को शत-प्रतिशत पूरा करना प्राथमिकता होनी चाहिए, ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे। इस मौके पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुखरंजन समद्दर, मुख्य चिकित्सा अधीक्षिका डॉ. सुनीता कश्यप समेत अन्य चिकित्सक उपस्थित रहे। वहीं, मुख्य चिकित्सा अधीक्षिका ने डीएम को फ्लावर पॉट भेंटकर स्वागत किया।
मातृ सुरक्षा केंद्र में परखी व्यवस्थाएं
कार्यक्रम के उपरांत जिलाधिकारी ने अस्पताल के मातृ सुरक्षा केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने वार्डों में साफ-सफाई और मरीजों को मिल रहे उपचार की जानकारी ली। स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया, लेकिन साथ ही हिदायत दी कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं देने में कोई लापरवाही न हो।
स्वच्छता बनाए रखने के सख्त निर्देश
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पताल परिसर में स्वच्छता का मानक हर हाल में बना रहना चाहिए। उन्होंने साफ कहा कि मरीजों को बेहतर इलाज और अस्पताल की व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान अस्पताल के सभी वरिष्ठ अधिकारी और स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ