#सीतापुर:सबकी आंखों में आंसू, घर में पसरा सन्नाटा; लखनऊ अग्निकांड में बिसवां के युवा आदित्य की दर्दनाक विदाई.

बिसवां,सीतापुर(उत्तर प्रदेश): राजधानी लखनऊ के अलीगंज में कोचिंग संस्थान में लगी भीषण आग ने बिसवां नगर के अधिवक्ता आलोक श्रीवास्तव के 24 वर्षीय होनहार पुत्र आदित्य श्रीवास्तव की जिंदगी छीन ली। इस हृदयविदारक हादसे की खबर मिलते ही नगर में शोक की लहर दौड़ गई। मंगलवार को जब आदित्य का पार्थिव शरीर घर पहुँचा तो अंतिम दर्शन के लिए जनसैलाब उमड़ पड़ा। मां और बहनों का विलाप देख वहां मौजूद हर किसी की आंखें नम हो गईं।
कोहराम और आंसुओं का सैलाब
आदित्य के घर पहुँचते ही माहौल बेहद गमगीन हो गया। मां कल्पना श्रीवास्तव और परिजन विलाप कर रहे, बेटे के अंतिम दर्शन को आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुँचे। घर के आंगन में हर कोई इस परिवार को ढांढस बंधाता नजर आया, लेकिन परिजनों का दुख कम होने का नाम नहीं ले रहा था।
मुआवजा नहीं, दोषियों को मिले सजा
शोकाकुल पिता आलोक श्रीवास्तव ने नाम आंखों से कहा, "सरकार की मदद से मेरा बेटा वापस नहीं आने वाला। मेरी सिर्फ इतनी मांग है कि इस अग्निकांड की निष्पक्ष जांच हो और जो भी जिम्मेदार हैं, उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई हो।"
नगर में पसरा सन्नाटा, गमगीन अंतिम यात्रा
इस दुखद घड़ी में क्षेत्रीय विधायक निर्मल वर्मा, पूर्व विधायक महेंद्र सिंह यादव, नगर पालिका अध्यक्ष पुष्पू जायसवाल, एसडीएम आकांक्षा गौतम सहित तमाम अधिवक्ता, शिक्षक और गणमान्य नागरिक श्रद्धांजलि देने पहुँचे। पूरा बिसवां नगर इस समय गहरे सदमे में है। हर कोई यही कह रहा है कि जिस युवा के कंधों पर परिवार के भविष्य के सपने थे, उसे इस तरह खो देना समाज के लिए अपूरणीय क्षति है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ