तंबौर,सीतापुर(उत्तर प्रदेश):मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीक्षा जोशी ने बीते दिवस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेहटा/तंबौर का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान सीडीओ के कड़े रुख से अस्पताल परिसर में हड़कंप मचा रहा। ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर ब्लॉक अकाउंट मैनेजर का एक दिन का वेतन काटने तथा लापरवाही पर फार्मासिस्ट के तत्काल स्थानांतरण की संस्तुति के निर्देश दिए गए।
लापरवाही पर सीडीओ सख्त
सीडीओ डॉ. दीक्षा जोशी ने अस्पताल के उपस्थिति रजिस्टर और पटल की बारीकी से जांच की। इस दौरान ब्लॉक अकाउंट मैनेजर अनुपस्थित पाए गए, जिस पर नाराजगी जताते हुए सीडीओ ने उनका एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। वहीं, पटल पर घोर लापरवाही पाए जाने पर फार्मासिस्ट के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए तत्काल प्रभाव से स्थानांतरण की संस्तुति करने के निर्देश दिए।
आयुष्मान कार्ड निर्माण में लाएं तेजी
मुख्य विकास अधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की तमाम जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक हर हाल में पहुँचना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से आयुष्मान भारत योजना की सुस्त रफ़्तार पर नाराज़गी जताई और सख्त लहजे में निर्देश दिया कि अभियान चलाकर आयुष्मान कार्ड निर्माण में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित की जाए। प्रशासन ने साफ़ कर दिया है कि ग़रीबों के मुफ़्त इलाज से जुड़ी इस बेहद महत्वपूर्ण योजना में किसी भी स्तर पर शिथिलता या ढिलाई को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रसव सेवाओं और व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश
मुख्य विकास अधिकारी ने भर्ती वार्ड और प्रसव कक्ष का भी गहन निरीक्षण किया। उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि भर्ती वार्ड में मरीजों को प्रतिदिन स्वच्छ चादर उपलब्ध कराई जाए। प्रसव कक्ष में प्रसूताओं के रजिस्टर एवं केस शीट में सभी आवश्यक विवरण पूर्ण रूप से अंकित किए जाएं। ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को सहूलियत देने के लिए रात्रिकालीन प्रसव सेवाओं का प्रभावी संचालन सीएचसी स्तर पर ही सुनिश्चित करने को कहा। इसके साथ ही अस्पताल परिसर में नियमित साफ-सफाई, गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं तथा मरीजों की समुचित देखभाल सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
0 टिप्पणियाँ