सीतापुर(उत्तर प्रदेश):जिले में प्रस्तावित ऑनलाइन रजिस्ट्री प्रक्रिया के विरोध में बैनामा लेखकों और स्टाम्प वेंडरों ने मोर्चा खोल दिया है। गुरुवार को सदर तहसील के उप निबंधक कार्यालय से जुड़े वेंडरों ने कामकाज ठप कर ताला बंद हड़ताल कर दी। इसके बाद कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शनकारियों ने अपर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा और मांग की जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, उनका आंदोलन अनिश्चितकाल तक जारी रहेगा।
रोजगार छिनने की सता रही चिंता
प्रदर्शन कर रहे वेंडरों का कहना है कि वे वर्षों से रजिस्ट्री और बैनामा लेखन का कार्य करके अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं। प्रतिदिन अपने श्रम और लंबे अनुभव के बल पर वे सीमित आय अर्जित कर पाते हैं। यदि सरकार इस पूरी व्यवस्था को डिजिटल कर देगी, तो उनके सामने अचानक आजीविका का बड़ा संकट खड़ा हो जाएगा।
पूर्णतः ऑनलाइन व्यवस्था का विरोध
वेंडरों ने बताया कि विभिन्न समाचार माध्यमों से उन्हें जानकारी मिली है कि रजिस्ट्री कार्यालय के अधिकांश कार्यों को पूरी तरह ऑनलाइन करने की तैयारी चल रही है। प्रदर्शनकारियों के मुताबिक, इस कदम से न केवल दस्तावेज लेखक और स्टाम्प वेंडर प्रभावित होंगे, बल्कि उनसे जुड़े अन्य सहायक कर्मचारियों के परिवारों के सामने भी भुखमरी की नौबत आ सकती है।
प्रशासन से रोजगार सुरक्षा की मांग
एडीएम को सौंपे गए ज्ञापन में वेंडरों ने मांग की है कि ऑनलाइन व्यवस्था को लागू करने से पहले उनके हितों पर गंभीरता से विचार किया जाए। प्रशासन को ऐसी मध्यस्थ व्यवस्था बनानी चाहिए जिससे तकनीकी अपग्रेडेशन भी हो और उनका रोजगार भी सुरक्षित रहे। प्रदर्शन के दौरान भारी संख्या में वेंडर मौजूद रहे, जिन्होंने प्रशासन से जल्द सकारात्मक कार्रवाई की उम्मीद जताई है।
0 टिप्पणियाँ