सीतापुर(उत्तर प्रदेश):जनपद पुलिस में तैनात आरक्षी को अनुशासनहीनता और गंभीर अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने के बाद सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। आरक्षी विक्की गौतम बिना किसी सूचना के लंबे समय तक ड्यूटी से गैरहाजिर था और इसी दौरान उसे मुरादाबाद में बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित भारतीय करेंसी के साथ पकड़ा गया था।
ड्यूटी से नदारद होकर रची साजिश
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरक्षी ना०पु० विक्की गौतम पीएनओ-162403985 वर्ष 2024 में 30 दिनों के अर्जित अवकाश पर गया था। अवकाश की अवधि समाप्त होने के बाद भी वह अपने कार्यस्थल पर नहीं लौटा और बिना किसी अनुमति के ड्यूटी से लगातार अनुपस्थित रहा।
मुरादाबाद में पकड़ा गया था जखीरा
आरक्षी की इसी गैरहाजिरी के दौरान 19 मई 2025 को मुरादाबाद जनपद के थाना डिलारी पुलिस ने उसे उसके साथियों के साथ रंगे हाथों दबोचा। पुलिस ने उनके कब्जे से 1,49,99,000 रुपये की प्रतिबंधित पुरानी करेंसी 1000 और 500 के नोट बरामद की। इस मामले में आरक्षी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया था।
विभागीय जांच में दोषी करार
विभाग ने आरक्षी के इस कृत्य को लोक सेवक के अपेक्षित आचरण के विरुद्ध और पुलिस की छवि धूमिल करने वाला माना। विभागीय जांच में उसे पूरी तरह दोषी पाया गया। इसके बाद पुलिस अधिकारियों की दण्ड एवं अपील नियमावली 1991 के तहत कार्रवाई करते हुए उसे पुलिस सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है।
0 टिप्पणियाँ