# सीतापुर: बाइक सवार बदमाशों ने महिला के कान से झपटे कुंडल, इलाके में मचा हड़कंप.

सीतापुर(उत्तर प्रदेश):जिले के सकरन थाना क्षेत्र में रविवार शाम बाइक सवार बदमाशों ने सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। चलती बाइक पर सवार महिला के कान से सोने के कुंडल झपटकर बदमाश मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
मायके से ससुराल जा रही थी महिला
जानकारी के अनुसार, बिसवां कोतवाली क्षेत्र के मोचकलां गांव निवासी अंकित पाल अपनी बहन वीनू पाल को बाइक से उसकी ससुराल लहरपुर थाना क्षेत्र के पूरनपुर गांव छोड़ने जा रहा था। जैसे ही वे सकरन थाना क्षेत्र के महाराज नगर-भठमनी मार्ग पर नहर पटरी स्थित गड़हाताल पुलिया के पास पहुंचे, तभी पीछे से स्प्लेंडर सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक किया।
झपट्टा मारकर छीने कुंडल
बदमाशों ने चलती बाइक के बराबर आकर वीनू पाल के कान से सोने के कुंडल झपट लिए। घटना के बाद आरोपी तेजी से महाराज नगर की ओर भाग निकले। अचानक हुई इस वारदात से भाई-बहन बुरी तरह घबरा गए। सूचना पाकर एडिशनल एसपी आलोक सिंह और लहरपुर क्षेत्राधिकारी अभिषेक कुमार समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित परिजनों से पूछताछ की।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पीड़ित अंकित पाल की तहरीर पर सकरन थाने में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस टीम घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस ने जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार करने का दावा किया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ