सीतापुर(उत्तर प्रदेश):खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन कार्यालय में मंगलवार को आयोजित बैठक में विभागीय नियमों के नए बदलावों और व्यवसाय में आ रही व्यावहारिक चुनौतियों पर चर्चा की गई। सहायक आयुक्त खाद्य लखनऊ मण्डल की मौजूदगी में हुए इस संवाद में व्यापारियों को गुणवत्ता मानकों के प्रति सतर्क रहने का निर्देश दिया गया।
नियमों के सरलीकरण पर जोर
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय अमित कुमार सिंह ने कहा कि शासन की मंशा है कि व्यापारी और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय बना रहे। बैठक में व्यापारियों को खाद्य सुरक्षा के नए नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई। विभाग ने स्पष्ट किया कि नियमों का पालन अनिवार्य है, लेकिन व्यापारियों की समस्याओं को दूर करने के लिए विभाग हर संभव सहयोग करेगा ताकि व्यापार में किसी प्रकार का व्यवधान न आए।
उपभोक्ताओं की सुरक्षा सर्वोपरि
अधिकारियों ने व्यापारियों को निर्देशित किया कि वे अपने प्रतिष्ठानों पर स्वच्छता सुनिश्चित करें। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें, क्योंकि उपभोक्ताओं का स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है। व्यापारियों ने भी विभाग को आश्वस्त किया कि वे सरकार के सभी मानकों का अनुपालन करेंगे और जनहित में अपना योगदान देंगे।
बैठक में ये रहे मौजूद
संवाद कार्यक्रम में प्रमुख रूप से उ०प्र० उद्योग व्यापार संगठन के जिलाध्यक्ष सुशील अग्रवाल, सीतापुर किराना कमेटी के अध्यक्ष हरिराम गोयल, अखिल भारतीय व्यापार मण्डल के जिलाध्यक्ष भगवती प्रसाद गुप्ता, उ०प्र० उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मण्डल के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रेमचन्द्र अग्रवाल, बालाजी फूड प्रोडक्ट्स के राम किशोर अग्रवाल, उ०प्र० उद्योग व्यापार मण्डल के जिला महामंत्री गोपाल अग्रवाल, व्यापार संगठन के नगर अध्यक्ष अभिनव बंसल और उत्तर प्रदेश व्यापार मण्डल के नगर अध्यक्ष सन्नी शाह समेत अन्य व्यापारिक प्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
0 टिप्पणियाँ