# सीतापुर:नैमिषारण्य में सांड का तांडव: चक्रतीर्थ रोड पर राहगीरों को पटक-पटक कर किया लहूलुहान, दो बुजुर्ग और बच्चा घायल.

नैमिषारण्य,सीतापुर(उत्तर प्रदेश): तीर्थ नगरी नैमिषारण्य में सोमवार दोपहर अवारा सांड के हमले से अफरा-तफरी मच गई। चक्रतीर्थ रोड पर अचानक उग्र हुए सांड ने राहगीरों पर जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना में 11 वर्षीय बालक समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना का लाइव वीडियो भी सामने आया है।
 अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहे घायल
घायलों की पहचान अमजदपुर मिश्रिख निवासी 70 वर्षीय रामप्रसाद, नैमिषारण्य निवासी 60 वर्षीय नब्बे कुमार और 11 वर्षीय शिवा के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सांड अचानक बेकाबू हो गया और सड़क से गुजर रहे लोगों को सींगों से उठाकर पटकने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने साहस दिखाते हुए किसी तरह सांड को भगाया और घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नैमिषारण्य पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने तीनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं, बुजुर्ग रामप्रसाद की हालत अधिक गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर किया गया है।
प्रशासन सख्त, निराश्रित गोवंश को पकड़ने का अभियान
इस घटना के बाद से चक्रतीर्थ क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि तीर्थ नगरी में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए आते हैं, लेकिन मुख्य मार्गों पर निराश्रित गोवंश के खुलेआम घूमने से हादसों का खतरा बना रहता है। कई बार शिकायत करने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम अभिनव यादव ने बताया कि हमलावर सांड को पकड़ लिया गया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अब विशेष अभियान चलाकर सभी निराश्रित गोवंश को पकड़कर गोशालाओं में भेजा जाएगा, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और श्रद्धालुओं व स्थानीय लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ