#सीतापुर:बिसवां: चोरी के मामले में वांछित शातिर महिला गिरफ्तार, झाले व नकदी बरामद.

बिसवां,सीतापुर(उत्तर प्रदेश): क्षेत्र में बढ़ते अपराधों और चोरी की वारदातों को रोकने के लिए पुलिस कप्तान के सख्त निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष धरपकड़ अभियान के तहत बिसवां पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए काफी दिनों से वांछित चल रही एक शातिर महिला चोर को दबोच लिया है। पकड़ी गई महिला के पास से चोरी किए गए सोने के जेवर और भारी मात्रा में कैश बरामद हुआ है। पुलिस महिला से पूछताछ कर उसकी अन्य गतिविधियों का पता लगाने में जुटी है।
बस स्टॉप पर घेराबंदी
बिसवां कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक राम राघव सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों और संदिग्धों पर लगातार नजर रख रही थी। इसी बीच मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि चोरी की वारदात में शामिल एक वांछित महिला कहीं भागने की फिराक में खड़ी है। पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए रोडवेज बस स्टॉप कस्बा बिसवां पर घेराबंदी की और दोपहर वांछित महिला को दबोच लिया ,कड़ाई से की गई पूछताछ में पकड़ी गई महिला ने अपनी पहचान रुखसाना पत्नी नूर बाबू उर्फ काले के रूप में बताई है, जो जनपद सीतापुर के ही थाना लहरपुर के मोहल्ला ठठेरी टोला की रहने वाली है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, रुखसाना बीते 6 जून 2026 से चोरी के एक मामले में वांछित चल रही थी और लगातार पुलिस को चकमा दे रही थी।
जेवरात और नगदी बरामद
महिला की जामा तलाशी के दौरान पुलिस को उसके पास से चोरी की गई पीली धातु की एक जोड़ी कान के झाले और ₹23,000 की नगदी बरामद हुई है। बिसवां पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ मु0अ0सं0 144/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) व 317(2) के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेजने की विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है।
कामयाबी पाने वाली पुलिस टीम
इस शानदार कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक राम राघव सिंह, उपनिरीक्षक सुधाकर सिंह, हेड कांस्टेबल अमरेन्द्र कुमार द्विवेदी, रोहित कुमार, कांस्टेबल विवेक यादव, आकाश, रंजीत कुमार और महिला कांस्टेबल पूनम सिंह शामिल रहीं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ