# सीतापुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ई-रिक्शा से सवारी का बैग उड़ाने वाला शातिर दबोचा.

महमूदाबाद,सीतपुर(उत्तर प्रदेश)।सीतापुर जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत महमूदाबाद पुलिस टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने सवारी को झांसा देकर उसका कीमती सामान और नकदी चोरी करने वाले एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देशन और एएसपी (दक्षिणी) दुर्गेश कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में थाना महमूदाबाद पुलिस ने इस वारदात का सफल अनावरण किया। पकड़े गए आरोपी के कब्जे से चोरी की शेष नकदी, बैग, अवैध देशी तमंचा, कारतूस और घटना में प्रयुक्त ई-रिक्शा बरामद किया गया है। आरोपी का एक लंबा आपराधिक इतिहास है।
झांसा देकर बैग लेकर हुआ था फरार
पुलिस के अनुसार, बीती 4 जून को बिसवां क्षेत्र के मिरजापुर निवासी पीड़ित गुलशन पुत्र सरोज लखनऊ जाने के लिए एक ऑटो ई-रिक्शा पर सवार हुआ था। महमूदाबाद बाईपास के पास पहुंचते ही ई-रिक्शा चालक ने शातिर चाल चली और पीड़ित को किसी बहाने से नीचे उतार दिया। जैसे ही पीड़ित वाहन से उतरा, चालक उसका बैग लेकर रफूचक्कर हो गया। बैग में ₹20,000 की नकदी और कपड़े थे। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश शुरू की थी।
घेराबंदी कर पुलिस ने आरोपी को दबोचा
क्षेत्राधिकारी महमूदाबाद वेदप्रकाश श्रीवास्तव के नेतृत्व व प्रभारी निरीक्षक भानु प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में गठित पुलिस टीम लगातार चोर सुराग तलाश रही थी। रविवार शाम करीब 07:55 बजे मुखबिर की सटीक सूचना पर उपनिरीक्षक विनोद कुमार गिरी और शैलेन्द्र कुमार की टीम ने नूरपुर से अगैय्या जाने वाली सड़क पर घेराबंदी की। पुलिस टीम ने कलिमापुर थाना रेउसा निवासी शातिर अभियुक्त जितेन्द्र मिश्रा उर्फ छोटू मिश्रा  को धर दबोचा।
अवैध असलहा और नकदी बरामद
तलाशी के दौरान पुलिस ने अभियुक्त के पास से चोरी किए गए रुपयों में से बचे हुए ₹4,950 नगद और चोरी का बैग बरामद किया। इसके अलावा आरोपी के पास से 12 बोर का एक अवैध देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ। वारदात में इस्तेमाल किए गए ऑटो ई-रिक्शा को पुलिस ने सीज कर दिया है। पुलिस टीम में हेड कांस्टेबल विशाल गुप्ता, कांस्टेबल चंद्रप्रकाश वर्मा और प्रशांत कुमार शामिल रहे।
दर्ज हैं सात गंभीर मुकदमे 
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त जितेन्द्र मिश्रा उर्फ छोटू मिश्रा एक शातिर नकबजन और चोर है। इस पर पहले से ही लखनऊ के गुडम्बा, मडियांव और सीतापुर के रेउसा थाने में चोरी, माल बरामदगी, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के तहत 6 मामले दर्ज हैं। ताजा चोरी और अवैध असलहा बरामदगी के बाद उस पर मुकदमों की संख्या अब 7 हो गई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ