बिसवां सीएचसी में वारदात: दो महिलाओं की सोने की चेन पार, गेट बंद कर पुलिस ने ली तलाशी.

बिसवां ,सीतापुर(उत्तर प्रदेश):कोतवाली क्षेत्र में चोरों और उचक्कों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। इसका ताजा उदाहरण नगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र  में देखने को मिला, जहां इलाज कराने आई दो महिलाओं की सोने की चेन अज्ञात उचक्कों ने पार कर दी और मौके से फरार हो गए। एक ही दिन में अस्पताल परिसर के अंदर हुई दो बड़ी वारदातों से मरीजों और तीमारदारों में भय और आक्रोश का माहौल है। सूचना पर पहुंची पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी है।
लाइन में खड़ी महिला की 12 ग्राम की चेन पार
ग्राम निपनिया कुतुबपुर निवासी प्रेमलता वर्मा पत्नी राजनारायण वर्मा अपने पति के साथ इलाज कराने बिसवां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आई थीं। उनके पति अस्पताल के बाहर मोटरसाइकिल खड़ी कर रहे थे, जबकि प्रेमलता पर्चा बनवाने या डॉक्टर को दिखाने के लिए अस्पताल के अंदर चली गईं। इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर अज्ञात उचक्कों ने उनके गले से लगभग 12 ग्राम वजनी सोने की चेन उड़ा दी। कुछ देर बाद जब उन्हें अपनी चेन गायब होने का अहसास हुआ तो उनके होश उड़ गए।
चेन गायब देख महिला अस्पताल में ही बेहोश
चोरी की दूसरी वारदात सदरपुर निवासी सुनीता के साथ हुई। वह भी अपनी बीमारी का इलाज कराने सीएचसी पहुंची थीं। अस्पताल के अंदर पहुंचने के कुछ समय बाद उन्होंने जब अपने गले पर हाथ लगाया तो उनकी सोने की चेन गायब थी। भरे अस्पताल में चेन चोरी होने की जानकारी मिलते ही सुनीता घबरा गईं और सदमे के कारण अस्पताल परिसर में ही बेहोश होकर गिर पड़ीं। दो-दो चोरियों से अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई।
गेट बंद कर तलाशी, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
अस्पताल परिसर में हंगामे की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही डायल 112 और स्थानीय कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत सीएचसी का मुख्य गेट बंद करवा दिया और अंदर मौजूद संदिग्धों की तलाशी ली। फिलहाल पुलिस अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों की पहचान की जा सके।
जल्द होगा खुलासा: प्रभारी निरीक्षक
मामले को लेकर प्रभारी निरीक्षक राम राघव सिंह ने बताया कि घटना की गहनता से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों को चिह्नित किया जा रहा है। जल्द ही घटना का अनावरण कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ