बिसवां,सीतापुर(उत्तर प्रदेश):बिसवां कोतवाली क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध मंशा राम मंदिर परिसर में सोमवार दोपहर श्रद्धालुओं से खचाखच भरे मंदिर में उचक्कों ने सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए जमकर उत्पात मचाया। दर्शन और पूजा-अर्चना के दौरान उचक्कों ने एक के बाद एक तीन महिलाओं को निशाना बनाते हुए उनके मंगलसूत्र के सोने के पेंडुलम और पायल उड़ा ले गए। वारदात के बाद से मंदिर में दर्शन करने आए भक्तों में भारी आक्रोश और असुरक्षा की भावना है।
भीड़ का उठाया फायदा पेंडल और पायल पर किया हाथ साफ
घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगर के वार्ड कैथी टोला निवासी साक्षी पांडे और इमलिया सुल्तानपुर के चांदपुर गांव की रहने वाली रजनी अपने परिजनों के साथ दर्शन के लिए आई थीं। पूजा के दौरान भीड़ का फायदा उठाकर उचक्कों ने दोनों महिलाओं के मंगलसूत्र से सोने के पेंडल छीन लिए। वहीं, तीसरी घटना में एक अन्य महिला के पैर से पायल गायब होने की बात सामने आई है।
मौके पर पहुंची पुलिस, सीसीटीवी खंगाल रही टीमें
वारदात की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। उपनिरीक्षक सुधाकर सिंह ने घटनास्थल का मुआयना कर स्थानीय लोगों से पूछताछ की। सीओ बिसवां हर्षित सिंह ने बताया कि मामलों का संज्ञान लेते हुए 4 पुलिस टीमों का गठन किया गया है। पुलिस मंदिर परिसर और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर उनकी जल्द गिरफ्तारी की जा सके।
सुरक्षा बढ़ाने की मांग पर अड़े श्रद्धालु
एक ही दिन में मंदिर के भीतर तीन वारदातों से नाराज श्रद्धालुओं ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। लोगों ने मंदिर परिसर में पुलिस की गश्त बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों पर पैनी नजर रखने और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने की पुरजोर मांग की है। पुलिस ने लोगों को भरोसा दिलाया है कि जल्द ही अपराधियों को पकड़कर कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
0 टिप्पणियाँ