#सीतापुर: सरकारी अस्पताल से चोरी हुई सोने की चैन के साथ महिला गिरफ्तार, ₹35,000 नगद भी मिले.

बिसवां,सीतापुर(उत्तर प्रदेश):जनपद की बिसवां थाना पुलिस को अपराधियों और शातिर चोरों के खिलाफ चलाए जा रहे धरपकड़ अभियान में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए सरकारी अस्पताल में भीड़ का फायदा उठाकर महिलाओं के गले से चैन उड़ाने वाली एक शातिर महिला चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्ता के कब्जे से चोरी की गई एक अदद पीली धातु की चैन और दूसरी चैन को बाजार में बेचकर कमाए गए 35,000 रुपये नगद बरामद किए हैं। एसपी के निर्देशन में हुई इस त्वरित कार्रवाई से अस्पताल परिसर और आसपास के इलाकों में सक्रिय टप्पेबाजों में खौफ का माहौल है।
बस की आड़ में छिपी थी महिला
थाना बिसवां में दर्ज चोरी के एक मामले की विवेचना और संदिग्धों की चेकिंग के दौरान उपनिरीक्षक सुधाकर सिंह अपनी टीम व महिला आरक्षियों के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि लहरपुर रोड स्थित प्राइवेट बस अड्डे के पास एक संदिग्ध महिला बस की आड़ में छिपी बैठी है, जो अस्पताल में हुई चैन स्नैचिंग की घटना में शामिल हो सकती है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना देर किए मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और महिला आरक्षियों की मदद से उसे दबोच लिया। तलाशी में उसकी पहचान रूबी पत्नी स्व० रामू भार्गव निवासी अहमदपुर, थाना मानपुर, सीतापुर के रूप में हुई।
भीड़भाड़ का उठाती थी फायदा
पुलिस की कड़ाई से की गई पूछताछ में महिला चोर ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। अभियुक्ता रूबी ने बताया कि करीब 10-12 दिन पहले उसने बिसवां सरकारी अस्पताल में दवा लेने और पर्चा बनवाने आए मरीजों की भारी भीड़ का फायदा उठाया था। इस दौरान उसने दो महिलाओं के गले से सोने की चैन साफ कर दी थी। शातिर महिला ने पुलिस को बताया कि उसने एक चैन को चलते-फिरते बाजार में एक अजनबी को बेच दिया था, जिससे मिले रुपयों में से कुछ उसने खर्च कर दिए और बचे हुए ₹35,000 पुलिस ने बरामद कर लिए।
बरामदगी के बाद बढ़ीं धाराएं
चोरी की चैन और भारी नगदी बरामद होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दर्ज मुकदमे में धारा 317(2) BNS  की बढ़ोतरी कर दी है। पुलिस अब अभियुक्ता को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश करने की विधिक कार्रवाई में जुटी है। इस सराहनीय सफलता को हासिल करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सुधाकर सिंह, हे०का० अमरेन्द्र कुमार द्विवेदी, का० आकाश कुमार, का० विवेक यादव, म०का० सविता देवी और म०का० सायमा सिद्दीकी शामिल रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ