सीतापुर(उत्तर प्रदेश):जिले के संदना थाना इलाके में रविवार को एक युवक का शव गांव के बाहर जंगल में पेड़ से फंदे पर लटका मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक के परिजनों ने कुछ लोगों पर मानसिक प्रताड़ना, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
लड़की को भगाने का था आरोप, लगातार मिल रही थीं धमकियां
जानकारी के अनुसार, कुर्सी मजरा रामपुर निवासी शुभम पिछले कुछ दिनों से लापता था। परिजनों का आरोप है कि शंकर और उसके साथी शुभम पर शंकर की पुत्री को भगाने का आरोप लगा रहे थे। इसी बात को लेकर वे लगातार शुभम और उसके परिवार को प्रताड़ित कर रहे थे। परिजनों का कहना है कि आरोपी शुभम के पिता को रास्ते में रोककर लड़की उनके हवाले करने का दबाव बनाते थे और ऐसा न करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी जाती थी।
दुकान पर बुलाकर की थी मारपीट
परिजनों ने आरोप लगाया है कि 26 जून को रजत की दुकान पर बुलाकर शुभम के साथ मारपीट की गई और उसे डरा-धमकाकर लखनऊ भेज दिया गया था, जिसके बाद से वह लापता था। रविवार सुबह ग्रामीणों ने जंगल में उसका शव फंदे पर लटकता देखा। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
0 टिप्पणियाँ