#सीतापुर:पौधरोपण संग सजीं प्रतियोगिताएं, विजेताओं को मिले पुरस्कार.

विश्व पर्यावरण दिवस पर सैक्रेड हार्ट डिग्री कॉलेज में 'मेरा युवा भारत' के तहत सजे कार्यक्रम, विजेताओं को मिले पुरस्कार

सीतापुर(उत्तर प्रदेश):युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के 'मेरा युवा भारत' और सैक्रेड हार्ट डिग्री कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना  इकाई के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को विश्व पर्यावरण दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान युवाओं के बीच विभिन्न जागरूकता प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं और बड़े पैमाने पर पौधारोपण किया गया। स्वयंसेवकों ने पौधे रोपकर 'पर्यावरण बचाओ' के गगनभेदी नारे भी लगाए।
 युवाओं को पर्यावरण का महत्व समझाया
कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए जिला युवा अधिकारी प्रतिमा वर्मा ने विश्व पर्यावरण दिवस के इतिहास और इसकी महत्ता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे केवल आज के दिन ही नहीं, बल्कि जीवनभर पर्यावरण संरक्षण को अपनी आदत में शुमार करें।
चित्रकला व फोटोग्राफी में प्रतिभा प्रदर्शन
पर्यावरण संरक्षण विषय पर आयोजित प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। चित्रकला प्रतियोगिता में अर्पिता सिंह ने प्रथम, देवराज शुक्ला ने द्वितीय और शोभित अवस्थी ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं, फोटोग्राफी प्रतियोगिता में सिद्धार्थ राठौर पहले, ऋतिक गुप्ता दूसरे और अपर्णा ठाकुर तीसरे स्थान पर रहीं। इसके अलावा स्पेल बी प्रतियोगिता में आयुषी ने प्रथम, अंशुल ने द्वितीय व आदित्य ने तृतीय स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
निर्णायक मंडल और पुरस्कार वितरण
इन सभी प्रतियोगिताओं का निष्पक्ष मूल्यांकन राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. शशिकला मिश्रा, डॉ. राजेश श्रीवास्तव और असिस्टेंट प्रोफेसर उमंग अरोड़ा के निर्णायक मंडल द्वारा किया गया। कार्यक्रम के समापन पर डॉ. फादर सजिमोन फिलिप और जिला युवा अधिकारी प्रतिमा वर्मा ने सभी विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कार और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। अंत में जिला युवा अधिकारी ने राष्ट्रीय सेवा योजना, सीतापुर और सैक्रेड हार्ट डिग्री कॉलेज प्रशासन का सफल आयोजन के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ