#सीतापुर:सड़क पार कर रहे व्यक्ति को बचाने में गई युवक की जान, रोड रोलर से कुचलकर मौत.

सीतापुर(उत्तर प्रदेश): सिधौली क्षेत्र में शनिवार दोपहर दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक सड़क पार कर रहे एक व्यक्ति को बचाने के प्रयास में बाइक से गिर पड़ा। इसी दौरान पीछे से आ रहे रोड रोलर ने उसे कुचल दिया। पुलिस ने चालक और रोड रोलर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

बचाने की कोशिश में बिगड़ा संतुलन

सिधौली-महमूदाबाद मार्ग स्थित ईदगाह तिराहे के पास महमूदाबाद की ओर जा रहा बाइक सवार युवक अचानक सड़क पार कर रहे व्यक्ति को बचाने के प्रयास में संतुलन खो बैठा। बाइक सड़क पर गिर गई और उसी समय पीछे से आ रहे रोड रोलर की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

एम्बुलेंस में देरी का आरोप

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस और 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। लोगों का आरोप है कि काफी देर तक एम्बुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। इसके बाद पुलिस ने एक गुजर रहे लोडर वाहन की मदद से युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

रोड रोलर और चालक पुलिस हिरासत में

मृतक की पहचान रामपुरकला निवासी बबलू कुमार पुत्र रमेश कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही रोड रोलर और उसके चालक को कब्जे में लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ