# सीतापुर:दहशत: गन्ने के खेत में बड़े वन्यजीव की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत, नीलगाय का किया शिकार.

सीतापुर(उत्तर प्रदेश):मछरेटा थाना क्षेत्र के गंधारिया पट्टी गांव में गन्ने के खेत में शुक्रवार देर शाम ग्रामीणों ने एक बड़े वन्यजीव को देखे जाने का दावा किया है। इस सूचना के बाद से ही पूरे इलाके में दहशत का माहौल व्याप्त है। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कांबिंग शुरू कर दी है और लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।
क्या है पूरा मामला
ग्रामीणों के अनुसार, गांव के कुछ युवक जामुन के पेड़ की ओर जा रहे थे, तभी उन्होंने गन्ने के खेत में एक बड़े वन्यजीव को देखा। युवकों के शोर मचाने पर वह जानवर खेत के भीतर चला गया। डर के मारे ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना वन विभाग और पुलिस को दी।
साक्ष्यों से पुष्टि की आशंका
घटनास्थल के पास एक खेत में नीलगाय का शव मिला है, जिसका पेट फटा हुआ था। शव के पास घसीटने के निशान और खून के धब्बे भी मिले हैं, जिससे कयास लगाए जा रहे हैं कि किसी बड़े जंगली जानवर ने ही नीलगाय का शिकार किया है। फिलहाल वन विभाग की टीम लगातार निगरानी कर रही है और ग्रामीणों ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग की है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ