#सीतापुर में पुलिस भर्ती परीक्षा: दूसरे दिन भी कड़े सुरक्षा घेरे में इम्तिहान, डीएम व एसपी ने परखा हरगांव का केंद्र.

सीतापुर,( उत्तर प्रदेश)।उत्तर प्रदेश में आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2026 परीक्षा के दूसरे दिन मंगलवार को भी प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। परीक्षा को नकलविहीन, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आला अधिकारी लगातार जमीनी स्तर पर दौड़ते रहे। इसी क्रम में जिलाधिकारी डॉ० राजागणपति आर० और पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने भारी पुलिस बल के साथ हरगांव स्थित बिड़ला विद्या मंदिर इण्टर कालेज परीक्षा केंद्र का औचक निरीक्षण किया। अफसरों ने केंद्र की सुरक्षा से लेकर अभ्यर्थियों की सहूलियत से जुड़ी हर बारीक व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया।
सीसीटीवी से निगरानी और मूलभूत सुविधाओं का जायजा
जिलाधिकारी डॉ० राजागणपति आर० ने बिड़ला विद्या मंदिर इण्टर कालेज परिसर में पहुंचते ही सबसे पहले कंट्रोल रूम का रुख किया। उन्होंने केंद्र पर सक्रिय सीसीटीवी कैमरों की फीड देखी और निर्देश दिए कि हर कोने पर पैनी नजर रखी जाए। इसके बाद उन्होंने अभ्यर्थियों के लिए की गई पेयजल, शौचालय और बैठने की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया,डीएम का सख्त निर्देश"गर्मी का पारा चढ़ा हुआ है, ऐसे में किसी भी केंद्र पर पानी की कमी नहीं होनी चाहिए। परीक्षार्थियों के लिए पर्याप्त और ठंडे पेयजल की उपलब्धता हर हाल में सुनिश्चित की जाए।"
पारदर्शिता और निष्पक्षता से समझौता नहीं
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापक और संबंधित सेक्टर मजिस्ट्रेटों को दोटूक शब्दों में कहा कि परीक्षा का आयोजन शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप ही होना चाहिए। इसमें किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सख्त लहजे में निर्देशित किया कि परीक्षा को पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता और सुरक्षा के कड़े घेरे में संपन्न कराया जाए, ताकि कोई भी शरारती तत्व व्यवस्था में खलल न डाल सके।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, चप्पे-चप्पे पर फोर्स
वहीं, पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने केंद्र के बाहर और भीतर तैनात सुरक्षा चक्र का मुआयना किया। उन्होंने गेट पर चेकिंग और फ्रिस्किंग की प्रक्रिया को देखा और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को मुस्तैद रहने की हिदायत दी। एसपी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा केंद्र के आसपास भीड़ जमा न होने दी जाए और यातायात व्यवस्था को सुचारू रखा जाए, जिससे अभ्यर्थियों को आने-जाने में कोई असुविधा न हो।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ