#सीतापुर: जेल का निरीक्षण: शीर्ष अधिकारियों ने सुनी बंदियों की समस्याएं.

सीतापुर(उत्तर प्रदेश): जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से सोमवार को शीर्ष अधिकारियों ने जिला कारागार का औचक निरीक्षण किया जनपद न्यायाधीश श्री आशीष जैन, जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. एवं पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने संयुक्त रूप से जेल परिसर का गहन जायजा लिया। इस दौरान जेल के सुरक्षा मानकों की बारीकी से पड़ताल की गई।
व्यवस्थाओं का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक टीम ने जेल की विभिन्न बैरकों और परिसर का भ्रमण किया। अधिकारियों ने जेल में निरुद्ध बंदियों से उनकी समस्याओं के बारे में संवाद किया और उन्हें जेल नियमों के दायरे में हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। निरीक्षण के दौरान जेल परिसर में पूर्ण अनुशासनात्मक वातावरण मिला और कहीं से भी कोई आपत्तिजनक वस्तु प्राप्त नहीं हुई।
दिशा-निर्देश और अनुपालन
बंदियों से संवाद के उपरांत, मा. जनपद न्यायाधीश एवं अन्य अधिकारियों ने जेल अधीक्षक को दिशा-निर्देश दिए कि कारागार में साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बंदियों के स्वास्थ्य और उनके कानूनी अधिकारों के प्रति संवेदनशीलता बरतने पर भी जोर दिया।
अधिकारियों की रही उपस्थिति
इस अवसर पर जेल अधीक्षक, सीतापुर के साथ-साथ कारागार प्रशासन के अन्य संबंधित अधिकारी एवं सुरक्षाकर्मी उपस्थित रहे। 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ