#सीतापुर:सकरन पुलिस को बड़ी सफलता: चोरी व नकबजनी का खुलासा, माल समेत शातिर दबोचा.

सीतापुर(उत्तर प्रदेश): जनपद में अपराधियों और चोरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सकरन थाना पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस टीम ने क्षेत्र में हुई चोरी व नकबजनी की वारदात का सफल अनावरण करते हुए एक शातिर चोर को शत-प्रतिशत चोरी के माल के साथ गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए अभियुक्त के खिलाफ पहले से ही कई थानों में गंभीर मामले दर्ज हैं।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल द्वारा चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और अपराधियों की धरपकड़ के लिए दिए गए कड़े निर्देशों के क्रम में यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) आलोक कुमार सिंह के पर्यवेक्षण व क्षेत्राधिकारी बिसवां अमन सिंह के नेतृत्व में सकरन पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम ईरापुर दक्षिणी पुलिया तिराहा के पास से अभियुक्त सुनील कुमार पुत्र श्रीराम निवासी ग्राम कड़बड़ा, थाना सकरन को घेराबंदी कर दबोच लिया।
सोने-चांदी के जेवरात बरामद
पकड़े गए शातिर अभियुक्त सुनील कुमार के पास से पुलिस ने चोरी किए गए शत-प्रतिशत आभूषण बरामद किए हैं। बरामद माल में सफेद धातु की दो जोड़ी पायल, एक अदद कमर बिछुआ और पीली धातु  के दो अदद लॉकेट शामिल हैं। पूछताछ में अभियुक्त ने कुबूल किया कि उसने अपने एक साथी के साथ मिलकर बीते 27/28 अप्रैल की रात सकरन मार्केट में एक मकान के पीछे से चढ़कर, कमरे और बक्से का ताला तोड़कर जेवरात व नकदी पर हाथ साफ किया था। इस संबंध में थाने में पहले से ही मुकदमा दर्ज था।
शातिर का लंबा आपराधिक इतिहास
सकरन पुलिस के हत्थे चढ़ा सुनील कुमार एक शातिर किस्म का अपराधी है। पुलिस पड़ताल में सामने आया है कि उसके खिलाफ पहले से ही सीतापुर के संदना थाने में चोरी का माल रखने (धारा 411/413) और आर्म्स एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं। इसके अलावा, लखनऊ कमिश्नरेट के मड़ियांव थाने में उसके विरुद्ध अपहरण और पॉक्सो अधिनियम जैसी गंभीर धाराओं में भी मुकदमा पंजीकृत है। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धाराएं बढ़ाते हुए अभियुक्त का चालान माननीय न्यायालय भेज दिया है।
सराहनीय कार्य करने वाली पुलिस टीम
शातिर को दबोचने वाली टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक सतीश चन्द्र, हेड कांस्टेबल बिक्रान्त सिंह, हेड कांस्टेबल बृजेश यादव और कांस्टेबल प्रदीप कुमार शामिल रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ