सीतापुर(उत्तर प्रदेश): खाकी का एक ऐसा मानवीय चेहरा सामने आया है, जिसने समाज में पुलिस के प्रति विश्वास को और मजबूत कर दिया है। लखनऊ स्थित अपने मायके से लापता होकर मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला जो सीतापुर के कमलापुर इलाके में परेशान हालत में भटक रही थी, उसे पुलिस ने न केवल सुरक्षित बचाया बल्कि अथक प्रयासों से उसके परिवार को ढूंढ निकाला। पुलिस टीम ने जब पूरी औपचारिकताएं निभाकर महिला को उसके पति के सुपुर्द किया, तो परिजनों की आंखें खुशी से छलक उठीं। एसपी अंकुर अग्रवाल के निर्देश पर चलाए जा रहे इस विशेष चेकिंग और खोज अभियान के तहत पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की इलाके में जमकर सराहना हो रही है।
सड़क किनारे लाचार मिली थी महिला
घटना सिधौली क्षेत्राधिकार के अंतर्गत आने वाले थाना कमलापुर की है। बीते 9 जून को ग्राम जलालपुर के सजग ग्रामीणों ने एक महिला को सड़क किनारे बेहद असहाय और बदहवास स्थिति में घूमते देखा। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना पीआरवी को दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने महिला को सुरक्षित संरक्षण में लिया और उसे तत्काल वन-स्टॉप सेंटर व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कमलापुर पहुंचाया। वहां महिला को भोजन व आवश्यक प्राथमिक उपचार दिया गया ताकि वह सहज महसूस कर सके।
धुंधली यादों के बीच खाकी ने चलाया अभियान
कमलापुर थाना प्रभारी इतुल चौधरी के सामने सबसे बड़ी चुनौती महिला के घर का पता लगाने की थी। मानसिक रूप से व्याकुल होने के कारण महिला अपने गांव या जिले का सटीक पता नहीं बता पा रही थी। वह केवल अपना नाम पिंकी और पति का नाम छोटू ही दोहरा रही थी। क्षेत्राधिकारी विशाल गुप्ता के निकट पर्यवेक्षण में पुलिस ने हार नहीं मानी और महिला के हुलिए व नाम की जानकारी को डिजिटल प्लेटफॉर्मों, स्थानीय वॉट्सऐप ग्रुपों और थानों के नेटवर्क में तेजी से प्रसारित किया।
थाने में हुआ बिछड़े परिवार का मिलन
पुलिस का यह डिजिटल अभियान रंग लाया और महिला की पहचान कुचलाई गांव थाना संदना, सीतापुर निवासी पिंकी पत्नी छोटू के रूप में सुनिश्चित हुई। जांच में पता चला कि पिंकी अपने मायके लालताखेड़ा लखनऊ से बिना बताए कहीं निकल गई थी और उसका परिवार परेशान था। थाने पहुंचे पति छोटू को जब पुलिस ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर पिंकी को सौंपा, तो दोनों भावुक हो गए। परिजनों ने कांस्टेबल धीरज कुमार, निकित कुमार, महिला कांस्टेबल बबिता शर्मा व रश्मि की इस संवेदनशीलता के लिए पुलिस प्रशासन का आभार जताया।
0 टिप्पणियाँ