#सीतापुर: अवैध प्लाटिंग के खिलाफ प्रशासन सख्त, 10 करोड़ की जमीन को कराया गया मुक्त.

सीतापुर(उत्तर प्रदेश): जनपद के प्रशासनिक अमले ने अवैध निर्माण और अवैध प्लाटिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। शहर के मिरदही टोला इलाके में करीब 13 बीघा सरकारी व गैर-कृषि भूमि पर बिना सक्षम विभागीय लेआउट पास कराए बेचे जा रहे भूखंडों पर प्रशासन का बुलडोजर चला है। इस अवैध प्लाटिंग की बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 10 करोड़ रुपये आंकी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मिरदही टोला में अवैध रूप से प्लाटिंग की शिकायतें लंबे समय से मिल रही थीं, जिसके बाद जिला प्रशासन ने इसे गंभीरता से लिया। सिटी मजिस्ट्रेट ने तहसील प्रशासन को मामले की विस्तृत जांच के निर्देश दिए थे। तहसील की ओर से सौंपी गई जांच आख्या में इस प्लाटिंग को पूरी तरह से अवैध और नियमों के विरुद्ध पाया गया।
तहसील प्रशासन की रिपोर्ट के आधार पर, सिटी मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में भारी पुलिस बल के साथ टीम मौके पर पहुंची। प्रशासन ने मौके पर कराए गए अवैध निर्माणों और बाउंड्रीवॉल को बुलडोजर से ढहा दिया। कार्रवाई के दौरान इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा।
प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि बिना लेआउट पास कराए और नियमानुसार अनुमति लिए बिना की जा रही प्लाटिंग पर आगे भी सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि वे ऐसी अवैध कॉलोनियों में निवेश करने से बचें, जिनके पास सरकारी स्वीकृति न हो। इस बड़ी कार्रवाई ने भू-माफियाओं में हड़कंप मचा दिया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ