# सीतापुर: दो बाइकों की आमने-सामने भीषण भिड़ंत, एक की मौत, तीन घायल.

सीतापुर(उत्तर प्रदेश):जिले के हरगांव थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। यहाँ दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र  भिजवाया, जहाँ से प्राथमिक उपचार के बाद सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान एक युवक ने दम तोड़ दिया।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, पिसावां थाना क्षेत्र के मथनिया गांव निवासी राममूर्ति पुत्र राम औतार अपनी पत्नी के साथ बाइक से लखीमपुर से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक हरगांव थाना क्षेत्र के परसेहरा माल के पास पहुंची, तभी सामने से गलत दिशा से आ रही दूसरी बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी। दूसरी बाइक पर हरगांव थाना क्षेत्र के मूसेपुर गांव निवासी अनूप पुत्र जयराम सवार था। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों के सवार सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
जिला अस्पताल में तोड़ा दम
घटना की सूचना पाकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। घायलों को सीएचसी ले जाया गया, जहाँ से नाजुक हालत देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान राममूर्ति की मौत हो गई। वहीं, उनकी पत्नी और दूसरी बाइक सवार युवक की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही, दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है और मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ