सीतापुर(उत्तर प्रदेश): परिवहन विभाग द्वारा संचालित 'मिशन सेफ फ्यूचर' अभियान के तहत बुधवार को जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया गया। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विभाग ने मानकों की अनदेखी कर रहे वाहनों के विरुद्ध कड़ा रुख अपनाते हुए 8 वाहनों का चालान किया और 2 वाहनों को सीज कर दिया।
अनियमितताओं पर विभाग की सख्त कार्रवाई
जांच के दौरान टीम को कई ऐसे निजी वाहन मिले जो अवैध रूप से स्कूली बच्चों को ढोने का काम कर रहे थे। इसके अलावा, पकड़े गए अधिकांश वाहनों में फर्स्ट एड बॉक्स, आपातकालीन सुरक्षा उपकरण और अन्य अनिवार्य व्यवस्थाएं नदारद थीं। एआरटीओ सर्वेश चतुर्वेदी ने बताया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 10 वाहनों के विरुद्ध प्रवर्तन कार्रवाई की गई है।
9 जुलाई से और सख्त होगा अभियान
विभाग द्वारा 1 जुलाई से 15 जुलाई तक पूरे जनपद में यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। एआरटीओ ने स्पष्ट किया कि विद्यालय संचालकों को फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट और अन्य जरूरी अभिलेख दुरुस्त कराने का अंतिम मौका दिया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि 9 जुलाई से नियमों के प्रति थोड़ी भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के विरुद्ध कठोर प्रवर्तन कार्रवाई की जाएगी।
अभिभावकों से सतर्क रहने की अपील
परिवहन विभाग ने अभिभावकों से विशेष अपील की है कि वे अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर जागरूक रहें। केवल परिवहन विभाग द्वारा अधिकृत और मानकों के अनुरूप संचालित स्कूली वाहनों का ही चयन करें। किसी भी निजी या अनधिकृत वाहन में बच्चों को विद्यालय न भेजें।
0 टिप्पणियाँ